बरेली: पहले कोरोना की जांच, फिर ले रहे सात फेरे
बरेली, अमृत विचार। कोरोना की दूसरी लहर में जीवन की नई शुरुआत से पहले पवित्र रिश्ते में कोरोना का ग्रहण न लगे, इसलिए दूल्हा-दुल्हन कोरोना की जांच करा रहे हैं। वे बाहर से आने वाले रिश्तेदारों को भी सजग कर रहे हैं। उनको जांच की सलाह दे रहे हैं। इसमें कोई बुरा नहीं मान रहा …
बरेली, अमृत विचार। कोरोना की दूसरी लहर में जीवन की नई शुरुआत से पहले पवित्र रिश्ते में कोरोना का ग्रहण न लगे, इसलिए दूल्हा-दुल्हन कोरोना की जांच करा रहे हैं। वे बाहर से आने वाले रिश्तेदारों को भी सजग कर रहे हैं। उनको जांच की सलाह दे रहे हैं। इसमें कोई बुरा नहीं मान रहा और खुशियों में कायदे से शरीक होने के लिए जांच के बाद मनोयोग से तैयार हो रहे हैं।
22 अप्रैल से सहालग शुरू हो चुकी हैं। जून तक जिले में करीब 10 हजार शादियां है। इधर, महामारी के मामले लगातार बढ़ रहे हैं। प्रशासन ने भी सीमित लोगों की पाबंदी लगाकर संक्रमण से बचाव की पहल की है। इसको लेकर जीवन की नई शुरुआत करने वाले सतर्क हो गए हैं। जिले में कई जोड़े ऐसे सामने आए हैं जिन्होंने कारोना की जांच कराने के बाद सात फेरे लिए। कुछ ऐसे मामले भी हैं जहां दूल्हा-दुल्हन समारोह में आने वाले उन खास लोगों की भी जांच करा रहे हैं जो बाहर से कार्यक्रम में शामिल होने पहुंचे हैं। यह कवायद सिर्फ इसलिए है ताकि संक्रमित की पहचान हो सके और समय रहते बचाव के उपाय किया जा सकें।
केस-1
कर्मचारी नगर के रोहिताश की शादी 23 अप्रैल को हुई है। शादी से पहले उन्होंने अपनी होने वाली पत्नी से बात की और उनके बाहर से आए रिश्तेदारों के साथ ही खुद की जांच कराने को कहा। पहले तो लड़की को अटपटा लगा लेकिन तर्क दिया तो वह तैयार हो गई। उनके परिवार के पांच लोगों ने जांच कराई। खुद राहिताश ने भी जांच कराई। फिर शादी की।
केस-2
नवाबगंज के सूरज की शादी 24 अप्रैल को हुई। उन्होंने पूरे परिवार की जांच कराई और लड़की पक्ष से बातचीत कर उन्हें भी जांच के लिए प्रेरित किया। पहले तो लड़की वालों ने किसी तरह के लक्षण नहीं होने का हवाला देकर मना किया लेकिन बाद में सूरज के समझाने पर वे कोरोना जांच कराने के लिए राजी हुए। इसके बाद परिवार के सात लोगों ने जांच करा ली।
केस-3
पवन विहार के अनिल की शादी 28 अप्रैल को होनी है। उन्होंने फैसला किया है कि शादी में बाहर से आने वाले चाचा, मामा के साथ अपने परिवार वालों की भी जांच कराएंगे। वर्तमान के हालात को देखते हुए उन्होंने एक निजी पैथोलॉजी लैब में भी संपर्क किया है। अनिल ने अपने होने वाले ससुर से बात की और उनके परिवार वालों को भी कोरोना जांच के लिए राजी कर लिया।
केस-4
कुतुबखाना के रजत कपूर की शादी दो मई को है। शादी से पहले वह घरवालों की कोरोना जांच कराएंगे। परिवार वाले इससे सहमत है। लड़की वालों को भी शादी से दो दिन पहले जांच कराने की सलाह दी है। पहले तो लड़की के पिता ने यह कहकर मना कर दिया कि सब ठीक है। डरने की जरूरत नहीं है लेकिन होने वाले दामाद की बात नहीं काट सके और जांच कराने पर सहमत हो गए।
