बरेली: मास्क को जरूरी नहीं मानते थे विधायक केसर सिंह, अब कोरोना ने ली जान
बरेली, अमृत विचार। बरेली की नवाबगंज सीट से बीजेपी विधायक केसर सिंह गंगवार का आज कोरोना से निधन हो गया। वह यूपी से भाजपा के तीसरे विधायक हैं जिनका कोरोना से निधन हुआ है। इससे पहले औरैया से भाजपा विधायक रमेश दिवाकर और लखनऊ पश्चिम से विधायक सुरेश श्रीवास्तव का कोरोना से निधन हो चुका है। …
बरेली, अमृत विचार। बरेली की नवाबगंज सीट से बीजेपी विधायक केसर सिंह गंगवार का आज कोरोना से निधन हो गया। वह यूपी से भाजपा के तीसरे विधायक हैं जिनका कोरोना से निधन हुआ है। इससे पहले औरैया से भाजपा विधायक रमेश दिवाकर और लखनऊ पश्चिम से विधायक सुरेश श्रीवास्तव का कोरोना से निधन हो चुका है।
18 अप्रैल को केसर सिंह गंगवार कोरोना पॉजिटिव हुए थे। शुरुआत में राममूर्ति मेडिकल कॉलेज में इलाज के बाद उन्हें नोएडा ले जाया गया जहां इलाज के दौरान विधायक केसर सिंह का निधन हो गया।
यूपी में कोविड की दूसरी लहर में अब तक 3 विधायकों की जान जा चुकी है। भाजपा विधायक केसर सिंह को 24 घंटे तक एक आईसीयू में बेड नहीं मिल सका था। इसके बाद परिवार के लोग उन्हें नोएडा ले गए और एमरजेंसी में भर्ती कराया था। यहां बता दें कि पिछले दिनों स्वास्थ्य व्यवस्थाओं को लेकर केसर सिंह के बेटे ने अपनी सरकार पर कई सवाल खड़े किए थे।
यूपी बीजेपी अध्यक्ष स्वतंत्रदेव सिंह ने उनके निधन पर शोक संवेदना व्यक्त की है। डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य ने भी विधायक केसर सिंह के निधन पर दुख जताया है। उन्होंने कहा कि नवाबगंज से विधायक केसर सिंह गंगवार के निधन की खबर अत्यंत दुःखद है। उनका निधन भाजपा परिवार के लिए अपूरणीय क्षति है।
सोशल मीडिया पर वायरल केसर सिंह का वीडियो
उधर केसर सिंह का एक वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल है जिसमे वह मास्क नहीं पहनने पर एक टीवी चैनल के रिपोर्टर के पूछे गए सवाल पर कहते सुने जा सकते हैं कि कोरोना खत्म हो गया है। इससे पहले पंचायत चुनाव के प्रचार में भी वह बिना मास्क देखे गए थे। अब कोरोना से उनके निधन के बाद लोग संक्रमण को लेकर लापरवाही बरतने का हवाला दे रहे हैं।
दरअसल पिछले दिनों विधायक केसर सिंह कोरोना पॉजिटिव पाए गए थे। परिवार ने उनका बरेली में इलाज शुरू कराया मगर बेहतर इंतजाम नहीं मिल पाने से उनकी तबीयत बिगड़ती जा रही थी। इसे लेकर उनके बेटे विशाल गंगवार ने अपनी पीड़ा सोशल मीडिया पर पर बयां की थी।
हालांकि इसके बाद प्रदेश सरकार हरकत में आई थी और उनके इलाज का इंतजाम नोएडा के अस्पताल में करा दिया था। उधर पारिवारिक सूत्र बताते हैं कि एक दिन पहले तक विधायक की तबीयत सुधरती नजर आ रही थी। बुधवार को उनका स्वास्थ्य अचानक ज्यादा बिगड़ गया। डॉक्टर जुटे रहे मगर उनको बचाया नहीं जा सका। विधायक का करीब सवा तीन बजे नोएडा के अस्पताल में निधन हो गया। जैसे ही ये सूचना बरेली पहुंची तो बीजेपी समेत पूरे जिले में शोक की लहर दौड़ गई।
