बरेली: गली-मोहल्लों से लेकर बाजारों में दिखा लॉकडाउन

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

बरेली,अमृत विचार। कोरोना की चेन तोड़ने को तीन दिन लगाए गए लॉकडाउन के पहले दिन शनिवार को शहर की सड़कों पर सन्नाटा पसरा रहा। बाजार बंद होने के साथ ही गली-मोहल्लों के किराना स्टोर बंद रहे। महामारी से निजात पाने की चाह में लोग खुद भी घरों से नहीं निकले। रेलवे स्टेशन और बस अड्डों …

बरेली,अमृत विचार। कोरोना की चेन तोड़ने को तीन दिन लगाए गए लॉकडाउन के पहले दिन शनिवार को शहर की सड़कों पर सन्नाटा पसरा रहा। बाजार बंद होने के साथ ही गली-मोहल्लों के किराना स्टोर बंद रहे। महामारी से निजात पाने की चाह में लोग खुद भी घरों से नहीं निकले। रेलवे स्टेशन और बस अड्डों पर भी भीड़ नहीं दिखी। बसों में गिनी-चुनी सवारियों के मास्क से ढके चेहरे कोरोना का खौफ साफ बयां कर रहे थे। शहर में सिर्फ अस्पताल, पेट्रोल पंप और दवा की दुकानें खुली रहीं। यहां भी लोगों की संख्या नाममात्र रही।

इधर, लाकडाउन का पालन कराने को पुलिस की गाड़ियां सड़कों पर गश्त करती रहीं। इस दौरान बगैर जरूरी काम के घर से निकले लोगों को पुलिस ने डांट फटकार लौटा दिया। मोहल्लों में भी लॉकडाउन का अच्छा-खासा असर दिखाई दिया। हालांकि कहीं-कहीं बच्चे गलियों में खेलते दिखे। घनी आबादी वाले इलाकों में कुछ चहल-पहल भी रही लेकिन लोग मुख्य सड़कों पर निकलकर आने से बचते रहे।

रेलवे जंक्शन-बहुत कम दिखे यात्री
रेलवे जंक्शन पर शनिवार को सन्नाटा पसरा था। प्लेटफार्म पर बैठे कुछ लोग अपने संबंधियों का आने का इंतजार कर रहे थे। प्लेटफार्म पर कुछ यात्री ट्रेन का इंतजार करते दिखे। सुबह से शाम तक जंक्शन पर कुछ ऐसी ही स्थिति देखने को मिली। हालांकि कोविड संक्रमण से बचाव को यहां पर्याप्त इंतजाम किए गये थे।

पुराना बस अड्डा: इक्का-दुक्का बसों में यात्री, बाकी सन्नाटा
पुराने रोडवेज स्टैंड के प्लेटफार्म पर सिर्फ दो-चार सवारियां ही दिखीं। कुछ लोग परिवहन निगम के स्टाफ के थे। अपने-अपने प्लेटफार्म पर बसों की कतार लगी थी लेकिन इक्का-दुक्का बस में एकाध को छोड़कर किसी में भी सवारियां नहीं थी। बस अड्डे पर पुलिस भी तैनात नहीं दिखी।

बदायूं रोड: सड़क पर सन्नाटा, आवाजाही से बचते रहे लोग
लॉकडाउन की वजह से बदायूं रोड पर लोगों की आवाजाही थमी दिखाई दी। घर से बाहर सिर्फ वही लोग निकले जिनको जरूरी काम था। कुछ लोग दवाएं लेने के लिए मेडिकल व अस्पताल के लिए निकलते दिखे। पुलिस ने उनको रोका तो उन्होंने दवा लेने जाने की जानकारी दी। जिसके बाद उनको जाने दिया।

किशोर चौराहा: दिनभर रहती थी भीड़, लाकडाउन का किया पालन
शहर के प्रमुख बाजारों में शामिल इस चौराहे पर अक्सर लोगों की भीड़ रहती है, लेकिन शनिवार को लाकडाउन की वजह से यहां सन्नाटा था। लोगों ने कोरोना संक्रमण से बचने के लिए लाकडाउन का पालन किया। इस बाजार में सड़कों पर लोगों की आवाजाही पूरी तरह थमी रही।

बिहारीपुर: पुलिस का पता नहीं, आवाजाही रही जारी
तीन दिन के लाकडाउन के दौरान शनिवार को बिहारीपुर पुलिस चौकी के पीछे रोड पर लोगों का आवगमन जारी दिखा। इनमें तमाम लोग ऐसे हैं जो बेवजह घर से बाहर घूमते दिखे। हालांकि इस दौरान कुछ लोग दवाएं लेने या जरूरी कामों से निकल रहे थे जिनको जांच करने के बाद पुलिस ने आगे जाने दिया गया।

भीड़भाड़ वाली सड़कें सुनसान
शहर की प्रमुख सड़कों पर पूरे दिन सन्नाटा छाया रहा। घंटों के अंतराल में बमुश्किल कहीं एकाध व्यक्ति आता-जाता दिख रहा था। किला साहूकारा क्रॉसिंग, नावल्टी चौराहा, जिला अस्पताल रोड, कंपनी बाग तिराहा, इंद्रा मार्केट, जिला अस्पताल रोड, बड़ा बाजार, मनिहारों वाली गली, आलमगिरीगंज, श्यामगंज जैसे भीड़भाड़ से भरी रहने वाली सड़कों पर सन्नाटा दिखाई दिया।

संबंधित समाचार