बरेली: कोरोना की लहर में अटकी सम्मान निधि की आठवीं किस्त

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

बरेली, अमृत विचार। कोरोना की दूसरी लहर में संक्रमितों की संख्या में रिकार्डतोड़ बढ़ोतरी हो रही है। मौतों का आंकड़ा भी बढ़ता जा रहा है। वहीं सरकारी कामकाज में भी कोरोना संक्रमण बाधा बनकर खड़ा हो गया है जिसकी वजह से जिले के करीब तीन लाख किसानों के खाते में अप्रैल में आने वाली सम्मान …

बरेली, अमृत विचार। कोरोना की दूसरी लहर में संक्रमितों की संख्या में रिकार्डतोड़ बढ़ोतरी हो रही है। मौतों का आंकड़ा भी बढ़ता जा रहा है। वहीं सरकारी कामकाज में भी कोरोना संक्रमण बाधा बनकर खड़ा हो गया है जिसकी वजह से जिले के करीब तीन लाख किसानों के खाते में अप्रैल में आने वाली सम्मान निधि की आठवीं किस्त अटक गई है। इससे अन्नदाता परेशान हैं। उनको इस धनराशि से खेती के लिए खाद-बीज के प्रबंध की उम्मीद थी, लेकिन पैसा ही खाते में नहीं आया। ऐसे में उन्हें दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।

आर्थिक रूप से परेशान किसानों की मदद के लिए केंद्र सरकार ने पीएम किसान सम्मान निधि योजना शुरू की थी। योजना के तहत जिले के करीब पांच लाख किसानों के खाते में तीन किस्तों में सालाना छह हजार रुपये धनराशि भेजी जाती है। अप्रैल में किसानों को सम्मान निधि की आठवीं किस्त मिलनी थी। इसको लेकर किसान पहले से ही इंतजार कर रहे थे। जिन किसानों के आवेदन में गड़बड़ी थी, शासन के निर्देश पर शिविर लगाकर उसे दूर किया गया ताकि खाते में आसानी से पैसा पहुंच सके।

इसी बीच कोरोना की दूसरी लहर शुरू हो गई। ऐसे में अप्रैल में खाते में पहुंचने वाली किस्त का भुगतान अटक गया। इसको लेकर कृषि विभाग के अधिकारी-कर्मचारी भी स्थिति साफ नहीं कर पा रहे हैं। उनके अनुसार कोरोना की वजह से भुगतान रोक दिया गया है। मई के दूसरे पखवारे में सम्मान निधि का पैसा खाते में आने की उम्मीद जताई जा रही है। इधर, किसानों का कहना है इस बार उन पर दोहरी मार पड़ रही है।

पोर्टल पर भी नहीं मिल रही सही जानकारी
सम्मान निधि पोर्टल पर भी किसानों को सही जानकारी नहीं मिल रही है। लाभार्थी स्टेटस में आधार कार्ड अथवा मोबाइल नंबर डालने पर स्टेटस से एप्रूवल और पेमेंट कन्फर्मेशन पेंडिंग दिखा रहा है। इसके बारे में स्पष्ट जानकारी के लिए लोग कृषि विभाग कार्यालय के चक्कर काट रहे हैं।

कोरोना के चलते सरकार ने सम्मान निधि का खाते में भुगतान रोक दिया है। 15 मई के बाद पैसा आने की उम्मीद है। जिले के करीब पांच लाख किसान सम्मान निधि का लाभ ले रहे हैं। -अशोक कुमार, उप निदेशक कृषि

संबंधित समाचार