बरेली: निजी केंद्रों को वैक्सीन का इंतजार, सरकारी केंद्रो पर टीकाकरण
बरेली, अमृत विचार। कोरोना संक्रमण को रोकने के लिए कारगर मानी जा रही वैक्सीन की कमी के कारण सरकार के टीकाकरण अभियान में रुकावटें आ रही है। सरकार की ओर से युद्ध स्तर पर टीकाकरण अभियान को शुरू किया गया था। इस दूसरी लहर में सबसे अधिक युवाओं के संक्रमित होने से सरकार ने शनिवार …
बरेली, अमृत विचार। कोरोना संक्रमण को रोकने के लिए कारगर मानी जा रही वैक्सीन की कमी के कारण सरकार के टीकाकरण अभियान में रुकावटें आ रही है। सरकार की ओर से युद्ध स्तर पर टीकाकरण अभियान को शुरू किया गया था। इस दूसरी लहर में सबसे अधिक युवाओं के संक्रमित होने से सरकार ने शनिवार से 18 वर्ष से अधिक उम्र वालों का टीकाकरण शुरू कर दिया है, लेकिन पहले दिन सिर्फ सरकारी केंद्रों पर ही टीकाकरण हो सका। निजी केंद्रों पर वैक्सीन न होने की वजह से टीकाकरण अभियान शुरू नहीं किया जा सका है।
एक ओर अस्पतालों में ऑक्सीजन और बेडों की कमी तो अब दूसरी ओर टीकाकरण अभियान के लिए पर्याप्त वैक्सीन न होना अधिकारियों की चिंताओं का कारण बना हुआ है। शनिवार को युवाओं के टीकाकरण अभियान की शुरूआत तो गई, लेकिन यह सिर्फ सरकारी अस्पतालों तक ही सिमट कर रह गई।
शनिवार को पहले दिन जिले में बनाए गए 13 सरकारी केंद्रों पर टीकाकरण अभियान चलाया गया। जबकि वहीं अभी तक सरकार की ओर से निजी केंद्र तक नहीं बनाए गए हैं। निजी चिकित्सकों के मुताबिक पर्याप्त मात्रा में वैक्सीन न होने की वजह से अभी निजी अस्पतालों को टीकाकरण की अनुमति नहीं मिली है।
बिना वैक्सीन कैसे हो टीकाकरण
रामपुर गार्डन स्थित लतिका अस्पताल के संचालक व वरिष्ठ बाल रोग विशेषज्ञ डा.अतुल बताते हैं कि टीकाकरण के लिए युवाओं में अधिक क्रेज है, इसका सबसे बड़ा कारण यह है कि कोरोना की दूसरी लहर में सबसे अधिक युवा ही संक्रमित हो रहे हैं, जिस हिसाब से युवा अपना पंजीकरण करा रहे है यह बताता है कि कोरोना को लेकर युवाओं में जागरुकता आ गई है।
मूल्य भी बड़ा कारण
आईएमए उपाध्यक्ष डा.राजीव गोयल इसके पीछे का कारण वैक्सीन का मूल्य निर्धारण न हो पाना भी है। बताया कि अभी तक वैक्सीन की एक डोज का मूल्य 250 रुपए निर्धारित था, जिसमें 150 रुपए केंद्र सरकार के थे। अब वही डोज निर्माता कंपनी 600 रूपए में दे रही है। तो वहीं राज्य सरकार को 400 रुपए मूल्य निर्धारित हुआ है। इतनी महंगी वैक्सीन होने की वजह से अभी सरकार और निर्माता कंपनी के बीच मूल्य निर्धारण न हो पाना भी पर्याप्त मात्रा में वैक्सीन न होने का कारण बना हुआ है।
तैयारी है पूरी, वैक्सीन आते ही शुरू होगा टीकाकरण अभियान
वहीं पीलीभीत बाईपास रोड स्थित चंद्रलोक अस्पताल के संचालक डा.हिमांशु अग्रवाल बताते हैं कि टीकाकरण अभियान को लेकर अस्पताल में पूरी तैयारियां हैं। वैक्सीन आते ही और निजी केंद्रों को टीकाकरण शुरू होने की जैसे ही अनुमति मिलेगी अभियान को शुरू कर दिया जाएगा।
