उन्नाव: सपा MLC सुनील सिंह साजन समेत 35 पर मुकदमा, कोविड एक्ट के उल्लंघन का आरोप
उन्नाव। समाजवादी पार्टी(सपा) के एमएलसी सुनील सिंह साजन और पूर्व मंत्री अरुण शंकर शुक्ला समेत 35 लोगों के खिलाफ पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर लिया है। आरोप है कि इन सभी लोगों ने उन्नाव जिले के अजगैन कोतवाली क्षेत्र में स्थित होटल गीता गार्डेन में तीन दिन पहले बिना अनुमति बैठक की थी। इसका एक …
उन्नाव। समाजवादी पार्टी(सपा) के एमएलसी सुनील सिंह साजन और पूर्व मंत्री अरुण शंकर शुक्ला समेत 35 लोगों के खिलाफ पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर लिया है। आरोप है कि इन सभी लोगों ने उन्नाव जिले के अजगैन कोतवाली क्षेत्र में स्थित होटल गीता गार्डेन में तीन दिन पहले बिना अनुमति बैठक की थी। इसका एक वीडियो भी सोशल मीडिया में जमकर वायरल हुआ था, जिसके बाद हरकत में आई पुलिस ने ये कार्रवाई की है।
क्या है ये पूरा मामला
दरअसल, उन्नाव में 8 मई को अजगैन कोतवाली क्षेत्र स्थित कानपुर-लखनऊ हाईवे पर होटल गीता गार्डेन में सपाइयों ने पंचायत चुनाव में सभी निर्वाचित सदस्यों का सम्मान किया था। कार्यक्रम में कई कद्दावर नेता मौजूद थे। होटल में हुई इस बैठक की फोटो सोशल मीडिया पर वायरल हो गई। वायरल हुई तस्वीरों का उन्नाव पुलिस ने संज्ञान लिया और उच्च अधिकारियों के निर्देश पर आज सोमवार को पुलिस ने इस मामले में रिपोर्ट दर्ज की।
इन सपा नेताओं के खिलाफ दर्ज हुई एफआईआर
बता दें कि जिन नेताओं पर रिपोर्ट दर्ज हुई है, उनमें सपा एमएलसी सुनील सिंह साजन, पूर्व विधायक उदयराज यादव, जिलाध्यक्ष धर्मेंद्र यादव, पूर्व एमएलसी अरुण शंकर उर्फ अन्ना शुक्ला, अशोक चंदेल, अनिरुद्ध चंदेल, सेवकलाल रावत और होटल गीता गार्डेन के मालिक सुनील गुप्ता समेत 35 लोगों के खिलाफ लॉकडाउन व धारा 144 का उल्लंघन करने के अलावा महामारी अधिनियम की धाराओं में रिपोर्ट दर्ज की गई है।
प्रशासन का पक्ष
इस मामले में एएसपी शशिशेखर सिंह ने बताया कि अजगैन थाना क्षेत्र के गीता गार्डन नामक होटल में एक पार्टी विशेष के लोगों द्वारा मिलकर के एक मीटिंग की गई और इसमें 30-35 लोग बिना अनुमति के शामिल हुए। इनके द्वारा कोविड-19 का जो नियम है उनका उल्लंघन किया गया। एएसपी ने बताया कि साथ ही पूरे उन्नाव जनपद में धारा 144 लागू है, उसका भी उल्लंघन किया गया है। एएसपी शशिशेखर सिंह ने बताया कि इस संबंध में थाना अजगैन में मुकदमा दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।
