बरेली: नहीं चलेगा कोई बहाना, सरकारी कर्मचारियों को आना होगा दफ्तर
बरेली, अमृत विचार। शहर में कई सरकारी कर्मचारी व अधिकारी तो वास्तव में कोरोना संक्रमित होने की वजह से घर में आइसोलेट हैं, तो वहीं कई ऐसे भी जो इस महामारी की आड़ में दफ्तर आने से कन्नी काट रहे हैं। शासन के निर्देश हैं कि रोस्टर के हिसाब से कर्मियों की उपस्थिति बनी रहे, …
बरेली, अमृत विचार। शहर में कई सरकारी कर्मचारी व अधिकारी तो वास्तव में कोरोना संक्रमित होने की वजह से घर में आइसोलेट हैं, तो वहीं कई ऐसे भी जो इस महामारी की आड़ में दफ्तर आने से कन्नी काट रहे हैं। शासन के निर्देश हैं कि रोस्टर के हिसाब से कर्मियों की उपस्थिति बनी रहे, लेकिन अधिकांश विभागों में इसकी धज्जियां उड़ाई जा रही हैं।
हकीकत परखने को जब सीडीओ चंद्र मोहन गर्ग ने बुधवार को विकास भवन समेत कई सरकारी कार्यालयों का निरीक्षण किया तो 96 अधिकारी व कर्मचारी अनुपस्थित मिले। इन कार्यालय में कर्मचारियों की उपस्थिति किस हिसाब से लगाई जा रही। यह भी स्पष्ट नहीं था। लिहाजा, संबंधित विभाग के अधिकारियों को नोटिस जारी कर जवाब तलब किया गया है। वहीं संतोषजनक जवाब नहीं मिलने पर वेतन रोकने की चेतावनी दी गई है।
निरीक्षण में ये मिले अनुपस्थित तो जिला कृषि रक्षा अधिकारी का कार्यालय बंद मिला
सीडीओ के निरीक्षण में जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी कार्यालय के 16, जिला पंचायत राज अधिकारी कार्यालय के चार, जिला ग्राम्य विकास अभिकरण कार्यालय के 11, जिला कार्यक्रम अधिकारी कार्यालय के चार, जिला समाज कल्याण अधिकारी कार्यालय के दो, जिला कृषि अधिकारी कार्यालय के छह, उपायुक्त श्रम रोजगार कार्यालय के चार, सहायक अभियंता (लघु सिंचाई) के चार, सहायक निदेशक मत्स्य कार्यालय के सात, अधिशासी अभियंता (ग्रा.अभि.वि) कार्यालय के दो, मुख्य पशु चिकित्साधिकारी कार्यालय से एक, सहायक आयुक्त एवं सहायक निबंधक सहाकारिता कार्यालय में छह, जिला विकास कार्यालय के 11, जिला युवा कल्याण विभाग के तीन, लोनिवि कार्यालय के नौ अधिकारी और कर्मचारी अनुपस्थित मिले। इसके अलावा जिला कृषि रक्षा अधिकारी का कार्यालय बंद मिला। इनमें तमाम कर्मी ऐसे भी हैं जिनकी रोस्टर के तहत ड्यूटी नहीं लगे होने की बात भी कही जा रही है। इसको लेकर संबंधित विभाग के अधिकारियों की जवाबदेही तय की गई है।
यहां रोस्टर के हिसाब से उपस्थित मिले कर्मचारी
जिला विद्यालय निरीक्षक, परियोजना अधिकारी डूडा, अधिशासी अभियंता प्रांतीय खंड लोनिवि, जिला पूर्ति अधिकारी, जिला अर्थ एवं संख्याधिकारी, जिला पिछड़ा वर्ग कल्याण अधिकारी और दिव्यांगज सशक्तिकरण अधिकारी कार्यालय के निरीक्षण में रोस्टम के हिसाब से कर्मचारी काम करते मिले।
