लखीमपुर खीरी: पति की मौत के बाद पत्थर दिल हुई मां, दो मासूम बच्चों को छोड़ चली गई मायके

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

लखीमपुर-खीरी,अमृत विचार। पति की मौत के बाद एक मां अपने दो मासूम बच्चों को ससुराल में छोड़कर पांच लाख के गहने लेकर मायके चली गई। बुजुर्ग बाबा दोनों मासूमों के लिए बेहद परेशान हैं और अपनी बहु व समधी की खुशामद कर हार गए। दर-दर की ठोकरें खाने के बाद पुलिस से मासूम बच्चों को …

लखीमपुर-खीरी,अमृत विचार। पति की मौत के बाद एक मां अपने दो मासूम बच्चों को ससुराल में छोड़कर पांच लाख के गहने लेकर मायके चली गई। बुजुर्ग बाबा दोनों मासूमों के लिए बेहद परेशान हैं और अपनी बहु व समधी की खुशामद कर हार गए। दर-दर की ठोकरें खाने के बाद पुलिस से मासूम बच्चों को उनकी मां से मिलवाने के साथ साथ जेवर भी दिलवाने की गुहार लगाई है।

ईसानगर थाना क्षेत्र के गांव लाखुन निवासी त्रिभुवन लाल ने पुलिस को दी गई तहरीर में कहा उसके पुत्र संदीप की शादी आठ वर्ष पहले संगीता पुत्री मंगलेश्वर कनौजिया निवासी स्वरूप नगर से हुई थी। उनके एक 5 वर्षीय पुत्र अविरल व 9 माह का दूसरा पुत्र है। 23 अप्रैल को संदीप का बीमारी से निधन हो गया था।

कुछ दिन बाद समधी मंगलेश्वर तीन साथियों के साथ आया और अपनी पुत्री संगीता, नाती अविरल व 9 माह के पुत्र के अलावा शादी में बनवाए गए करीब 5 लाख के जेवर लेकर चला गया। कुछ दिन बाद मंगलेश्वर व संगीता घर आये और दोनों बेटों को छोड़कर चले गए। दोनों बच्चे मां के बिना बेहाल हैं। छोटा बच्चा मां के लिए रोता रहता है। निष्ठुर मां को भी बच्चों की याद नहीं आ रही।

त्रिभुवन ने बच्चों की खातिर कई बार गुहार लगाई लेकिन मंगलेश्वर अपनी पुत्री को भेजने के लिए राजी नहीं हुआ। आखिरकार त्रिभुवन ने थाना ईसानगर में तहरीर देकर मासूम बच्चों की देखरेख करने के साथ साथ जेवर वापस दिलवाने की गुहार लगाई है।

संबंधित समाचार