मुरादाबाद : मौत के पुल पर बढ़ गई ‘रपटन’, फिर भी जारी है सफर
मुरादाबाद, अमृत विचार। ताउते तूफान की चेतावनी के बाद से लगातार हो रही बारिश से बढ़े जलस्तर ने रामगंगा नदी में हलचल मचानी शुरू कर दी है। नदियों के किनारे बसे गांवों की निगरानी बढ़ाने के भी आदेश कर दिए गए हैं। ताकि अचानक जलस्तर बढ़ने से जान-माल की सुरक्षा की जाए। इसके बाद भी …
मुरादाबाद, अमृत विचार। ताउते तूफान की चेतावनी के बाद से लगातार हो रही बारिश से बढ़े जलस्तर ने रामगंगा नदी में हलचल मचानी शुरू कर दी है। नदियों के किनारे बसे गांवों की निगरानी बढ़ाने के भी आदेश कर दिए गए हैं। ताकि अचानक जलस्तर बढ़ने से जान-माल की सुरक्षा की जाए। इसके बाद भी पुलिस-प्रशासनिक अफसर रामगंगा नदी पर अवैध रूप से संचालित होने वाले पुल के संचालन को नहीं रोक पा रहे हैं।
लगातार होने वाली बारिश के कारण लकड़ी के पाटों से बने पुल पर रपटन बढ़ गई है। इसके बाद भी गुरुवार को ‘टोल टैक्स’ चुकाने के बाद भी बाइक व पैदल यात्री मौत के पुल पर सफर करते नजर आए। अगर हालात यही रहे तो किसी दिन पुल पर हादसा होना तय है।
ताउते तूफान की चेतावनी का असर मुरादाबाद जिले में खासतौर पर देखा जाने लगा है। तूफान के मद्देनजर दो दिन पहले शासन से हाईअलर्ट जारी होने के बाद से लगातार जिले में बारिश हो रही है। कभी बूंदाबांदी तो कभी तेज बारिश के कारण जन-जीवन अस्त-व्यस्त हो गया है। यही वजह है कि गुरुवार को रामगंगा नदी का जलस्तर अचानक बढ़ गया। इसके बाद भी पुलिस-प्रशासनिक अफसर नागफनी थाना क्षेत्र में रामगंगा नदी पर बने मौत के पुल को लेकर गंभीर नहीं हैं।
शायद हादसे का इंतजार कर रहे है अफसर
नागफनी थाना क्षेत्र में रामगंगा नदी के पार भोजपुर थाना क्षेत्र के कई गांव पड़ते हैं। यहां के लोग रोजाना नौकरी व काम-काज की तलाश में महानगर आते हैं। जिस कारण एक कुनबे के लोगों ने नदी पर लकड़ी का पुल बना रखा है। स्थानीय लोगों के अनुसार सालों से यह पुल इसी तरह से संचालित हो रहा है। शार्टकट के चक्कर में सैकड़ों ग्रामीण रोजाना इस पुल से महानगर की ओर आते-जाते हैं। पुल से गुजरने के लिए सभी को 5 से 25 रुपए का टोल टैक्स चुकाना पड़ता है। बारिश के मौसम में जब रामगंगा नदी अपने उफान पर होती है तो पुल हटा दिया जाता है। ऐसी स्थिति में पुल का संचालन करने वाले नावों के जरिए लोगों को नदी पार कराते हैं।
अवैध तरीके से नदी में संचालित होने वाला मौत का पुल कभी भी जानलेवा साबित हो सकता है। कई बार चेताने के बाद भी पुलिस-प्रशासनिक अफसर इसको लेकर संजीदा नहीं हैं। इधर लगातार दो दिन से हो रही बारिश के कारण यह और भी जानलेवा हो चुका है। गुरुवार को नदी का जलस्तर बढ़ने के साथ ही पुल पर रपटन भी बढ़ गई। इसके बाद भी लोग टोल टैक्स देने के बाद पुल पर सफर करते नजर आए। तमाम चेतावनी के बाद भी अफसरों की अनदेखी देखकर यही लगता है कि शायद वह किसी हादसे का इंतजार कर रहे हैं।
