मुरादाबाद : बिजली घर में अय्याशी करते मिले संविदाकर्मी, पता चलने पर लोगों ने किया हंगामा

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

मुरादाबाद, अमृत विचार।  गलशहीद थाना क्षेत्र स्थित बिजलीघर में संविदा पर तैनात तीन कर्मचारी युवतियों संग अय्याशी करते मिले। क्षेत्रीय लोगों को जब इसकी जानकारी हुई तो वहां भीड़ जमा होने लगी। शराब के नशे में धुत कर्मियों के साथ दो महिलाओं को देख लोगों का आक्रोश भड़क उठा। उन्होंने हंगामा शुरू कर दिया। इस …

मुरादाबाद, अमृत विचार।  गलशहीद थाना क्षेत्र स्थित बिजलीघर में संविदा पर तैनात तीन कर्मचारी युवतियों संग अय्याशी करते मिले। क्षेत्रीय लोगों को जब इसकी जानकारी हुई तो वहां भीड़ जमा होने लगी। शराब के नशे में धुत कर्मियों के साथ दो महिलाओं को देख लोगों का आक्रोश भड़क उठा। उन्होंने हंगामा शुरू कर दिया।

इस दौरान एक कर्मचारी मौका पाकर महिलाओं को बाइक पर बैठाकर फरार हो गया। सूचना पर पहुंची पुलिस मौके पर मिले दो आरोपियों को पकड़ थाने ले आई। सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल होने पर सांसद व डीएम ने नाराजगी जताई तो विभागीय अधिकारी हरकत में आए। आनन-फानन में तीनों कर्मियों की सेवा समाप्त करने के बाद उनके खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराने के लिए गलशहीद थाने में तहरीर दे दी। साथ ही क्षेत्रीय अवर अभियंता से स्पष्टीकरण भी तलब किया गया है।

हंगामा शुक्रवार को देर रात हुआ। इस बिजलीघर पर महेंद्र, रमेश और बबलू संविदा कर्मी के पद पर तैनात थे। शुक्रवार की रात क्षेत्रीय लोगों को सूचना मिली कि तीनों ने बिजलीघर में दो लड़कियां बुलाई हैं और अय्याशी चल रही है। सूचना पर क्षेत्रीय लोग एकजुट होकर मौके पर पहुंच गए। जिस वक्त लोग पहुंचे तो तीनों शराब के नशे में धुत थे। बिजलीघर के अंदर शराब व बीयर की बोतलें पड़ी थीं। दो कर्मचारियों की हालत यह थी कि नशे के कारण वे चल तक नहीं पा रहे थे। उनके साथ दो बुर्कानशीं महिलाएं भी मौजूद थीं। ये सब देख लोगों का पारा चढ़ गया और वे हंगामा करने लगे।

बताते हैं कि मौके की नजाकत भांप संविदाकर्मी रमेश आनन-फानन में दोनों महिलाओं को बाइक से लेकर किसी तरह चंपत हो गया। कुछ देर बाद वापस आया तो लोगों ने तीनों को बिजलीघर पर ही बंधक बना लिया। उसके बाद गलशहीद थाने में सूचना दी। इस पर पुलिस भी पहुंच गई। इससे पहले एक कर्मचारी वहां से खिसक लिया। पुलिस ने लोगों को शांत कर दो आरोपियों को हिरासत में ले लिया।

क्षेत्रीय अवर अभियंता से मांगा स्पष्टीकरण
इस दौरान लोगों ने घटना का वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया। इस पर डीएम राकेश कुमार सिंह व सांसद डॉ. एसटी हसन ने संज्ञान लेते हुए नाराजगी जाहिर की। इस पर विभागीय अधिकारियों में हड़कंप मच गया। अवर अभियंता यश कुमार ने गलशहीद थाने में महेंद्र, रमेश व बबलू के खिलाफ तहरीर दी। वहीं अधीक्षण अभियंता नगर दीपक कुमार ने तीनों की सेवा समाप्त करने के साथ ही संबंधित एजेंसी को सूचना दे दी है। इसके अलावा क्षेत्रीय अवर अभियंता से स्पष्टीकरण भी तलब किया गया है। थाना प्रभारी कपिल कुमार ने बताया कि दोनों कर्मियों का शांतिभंग में चालान कर जांच की जा रही है।

क्षेत्रीय लोगों ने भी दी तहरीर
बिजलीघर में अय्याशी होने की जानकारी मिलने पर क्षेत्रीय लोगों में रोष है। विभागीय अफसरों के अलावा समाज सेवी वकी रशीद व कांग्रेस कार्यकर्ता हाजी रिजवान ने तहरीर देकर कानूनी कार्रवाई की मांग की है। उनका कहना था कि जब लोग वहां पर पहुंचे तो तीनों कर्मचारी इस कदर नशे में थे कि ठीक से चल भी नहीं पा रहे थे। पूरी घटना का वीडियो भी वायरल हो रहा है। यह एक शर्मनाक घटना है। अत: तीनों संविदाकर्मियों का मेडिकल कराकर सख्त कार्रवाई की जाए।

संबंधित समाचार