प्रभारी मंत्री डा. महेंद्र सिंह ने जिला अस्पताल व कोविड कमांड सेंटर का किया निरीक्षण, मरीजों का पूछा हालचाल

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

मुरादाबाद,अमृत विचार। प्रदेश सरकार के जल शक्ति मंत्री व मुरादाबाद के प्रभारी मंत्री डा. महेंद्र सिंह ने कहा कि कोरोना महामारी के दौर में सरकार जनता के साथ खड़ी है। किसी को भी घबराने की जरूरत नहीं है। तीसरी लहर से बचने के लिए पूरी तैयारी की जा रही है। महामारी के कारण अनाथ हुए …

मुरादाबाद,अमृत विचार। प्रदेश सरकार के जल शक्ति मंत्री व मुरादाबाद के प्रभारी मंत्री डा. महेंद्र सिंह ने कहा कि कोरोना महामारी के दौर में सरकार जनता के साथ खड़ी है। किसी को भी घबराने की जरूरत नहीं है। तीसरी लहर से बचने के लिए पूरी तैयारी की जा रही है। महामारी के कारण अनाथ हुए बच्चों की देखभाल और पढ़ाई का पूरा खर्चा सरकार उठाएगी। स्वास्थ्य विभाग पूरी तरह सतर्क है। इसके लिए जनपद में 130 वेंटीलेटर बेड की व्यवस्था कराई गई है। वह सर्किट हाउस में पत्रकार वार्ता में बोल रहे थे।

प्रभारी मंत्री बुधवार की सुबह सर्किट हाउस पहुंचे। थोड़ी देर विश्राम के बाद वह जिला अस्पताल में बनाए गए टीकाकरण केंद्र को देखने के लिए रवाना हो गए। वहां उन्होंने टीका लगाने वाले स्टाफ के साथ वार्ता करने के साथ ही टीका लगवाने वाले लोगों से भी जानकारी ली। इसके बाद जिला अस्पताल में कोविड से इतर मरीजों के उपचार के लिए की गई व्यवस्थाओं को देखा। तत्पश्चात सर्किट हाउस में पत्रकार वार्ता के दौरान बताया कि जनपद में कोविड नियंत्रण के लिए जो इंतजाम किए किए गए हैं, बहुत अच्छे हैं।

यह ही कारण है कि जिस प्रकार प्रदेश में संक्रमितों की संख्या लगातार नीचे आ रही है, उसमें मुरादाबाद की स्थिति भी बहुत बेहतर है। उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ लगातार पूरे प्रदेश का दौरा कर रहे हैं। इसके कारण मशीनरी ने गुणवत्तापूर्ण कार्य किया है। इसका परिणाम है कि अन्य प्रदेशों की तुलना में उत्तर प्रदेश ने तेजी से स्थिति पर नियंत्रण किया है। जहां तक मुरादाबाद की बात है तो तीन मई को मुरादाबाद में नौ हजार से अधिक सक्रिय मामले थे। आज केवल 1700 रह गए हैं।

उन्होंने बताया कि प्रदेश में कोरोना संक्रमण की दर घटकर डेढ़ फीसद पर आ गई। मुरादाबाद की दर पौने दो फीसद है। ऑक्सीजन भी अब हमारे पास अतिरिक्त है। पूरे जनपद में आक्सीजन के पांच प्लांट लगाए जाने हैं। इनकी प्रक्रिया शुरू हो चुकी है। तीसरी लहर में बच्चों पर प्रभाव की बात की जा रही है तो इससे बचाव के लिए सरकार व्यवस्था में लगी है। टीम पूरी तरह तैयार है।

उन्‍होंने बताया क‍ि हर जनपद मुख्यालय पर 130 वेंटीलेटर बेड वाले अस्पताल की व्यवस्था की जा रही है। जिस प्रकार से प्रयास हो रहे हैं, उसे देखते हुए हम जल्द एक फीसद पर आ जाएंगे। यहां आई ट्रिपल सी बेहतर काम कर रहा है। पत्रकार वार्ता के बाद वह डिलरा रायपुर गांव का भ्रमण करने निकल गए। वहां से रामपुर होते हुए बरेली व पीलीभीत के लिए रवाना हो गए।

कोविड मरीजों से फोन पर की बात
जिला अस्पताल का निरीक्षण करने के बाद प्रभारी मंत्री कलेक्ट्रेट सभागार में बने कोविड कमांड सेंटर पहुंचे। यहां उन्होंने व्यवस्थाओं को देखा। इसके बाद कोविड कमांड सेंटर के फोन से कोरोना संक्रमित मरीजों से बात कर उनके स्वास्थ्य के विषय में जानकारी ली। उनसे पूछा कि दवायें समय पर मिल रही हैं या नहीं। सभी ने बताया कि उनके पास कंट्रोल रूम से प्रतिदिन फोन आता है। हालचाल पूछा जाता है तथा दवा घर पर पहुंचाई जा रही है।

अफसरों को दी ढिलाई न बरतने की हिदायत
जिला अस्पताल व कोविड कमांड सेंटर का निरीक्षण करने के बाद प्रभारी ने सर्किट हाउस में कोविड 19 के संक्रमण पर रोकथाम के लिए अफसरों के साथ समीक्षा की। इस दौरान उन्होंने अधिकारियों से पूरा हाल जाना। व्यवस्था में ढिलाई न करने की हिदायत अधिकारियों को दी। इसके बाद वह जनपद के गांव डिलरा रायपुर पहुंचे। वहां निगरानी समितियों के काम को देखा। साथ ही होम आइसोलेशन में रहने वाले मरीजों के हालचाल पूछा। संकमित मरीजों से पूछा कि समय पर दवाई मिलती है या नहीं। मरीजों ने बताया कि हम लोगों को समय पर दवा उपलब्ध हो जाती है। इसके अलावा उन्होंने पूछा कि कोविड कमांड सेंटर से फोन आता है या नहीं। उन्होंने सभी से दो गज की दूरी बनाए रखने, मास्क लगाने तथा समय से दवाई लेने को कहा।

संबंधित समाचार