सीतापुर: शादी से कुछ देर पहले दूल्हे ने रख दी बुलेट की डिमांड, मेहंदी सजाए बैठी रह गई दुल्हन, नहीं पहुंची बारात
सीतापुर। शादी को लेकर घर में गहमागहमी थी। पकवान बन चुके थे। मेहमान लजीज व्यंजनों का लुत्फ उड़ा रहे थे। दुल्हन भी हाथों में मेहंदी सजाए दूल्हे राजा का इंतजार कर रही थी, लेकिन वक्त पर दूल्हे राजा बारात लेकर दुल्हन के घर नहीं पहुंचे, तो शंकाएं उठने लगी। बारात आने में देर देखी तो …
सीतापुर। शादी को लेकर घर में गहमागहमी थी। पकवान बन चुके थे। मेहमान लजीज व्यंजनों का लुत्फ उड़ा रहे थे। दुल्हन भी हाथों में मेहंदी सजाए दूल्हे राजा का इंतजार कर रही थी, लेकिन वक्त पर दूल्हे राजा बारात लेकर दुल्हन के घर नहीं पहुंचे, तो शंकाएं उठने लगी। बारात आने में देर देखी तो दूल्हे के घर दुल्हन वाले खैर खबर लेने पहुंचे। वहां माजरा ही दूसरा था।
दूल्हा बारात लेकर तो आना चाहता था, लेकिन उसका दिल दुल्हन से ज्यादा बुलेट पर आ चुका था। उसने लड़की वालों के सामने बारात ले जाने के चंद घंटों पहले ही ऐसी डिमांड रख दी, जिससे दुल्हन के घरवालों के पैरों तले से जमीन खिसक गई।
लड़के वालों ने कहा की बुलेट दोगे तभी बारात लेकर आएंगे। यह सुनकर लड़की वालों के सारे अरमान चूर हो गए। बुलेट देने में सक्षम नहीं थे। सो शादी संपन्न नहीं हो पाई। मामले को लेकर लड़की की मां ने थाने में तहरीर दी है। पुलिस ने कार्रवाई शुरू कर दी है।
लड़के के भाई व मामा ने दहेज में मांगी बुलेट
दिल को झकझोर देने वाला यह मामला जिले के सकरन थाना क्षेत्र का है। यहां के मडोर गांव निवासी मैसर जहां ने अपनी लडकी शबीना की शादी गांव के ही निवासी जुम्मन के लडके नफीस के साथ तय की थी। 26 मई को बारात आनी थी। लडकी पक्ष ने बारातियों के स्वागत व खाने पीने की भरपूर ब्यवस्था कर वेज व नानवेज खाना, मिठाई आदि बनवायी थी।
लड़की पक्ष के सारे मेहमान भी आ चुके थे। बारातियों के बैठन व खाने के लिये टेंट पंडाल की ब्यवस्था की गयी थी। मगर शबीना को क्या पता था कि उसके हाथों में लगी मेंहदी यूं ही लगी रह जायेगी। शाम पांच बजे तक जब बारात नही आयी तो लड़की पक्ष के लोगों को चिन्ता हुयी। तब लड़की पक्ष के लोग लडके के घर गये। जहां लड़के के भाई व मामा ने दहेज में बुलेट मोटर साइकिल की मांग करते हुये कहा कि जब तक मोटरसाइकिल लाकर नही दोगे तब तक बारात नही लेकर जायेंगे।
लडके पक्ष की अचानक इस डिमांड से गरीब लडकी वालों के पैरों के नीचे से जमीन खिसक गयी। एक ओर दहेज के लिये जहां शबीना का निकाह नही हो सका, वहीं बारातियों के लिये बनवाया गया सारा खाना खराब हो गया। लड़की पक्ष ने मामले की तहरीर पुलिस को दी है। पुलिस लडके के पिता जुम्मन व मामा जमाल को पकड़ कर थाने ले आयी है। एसओ पुष्पराज कुशवाहा ने बताया कि सूचना पर पुलिस मौके पर गयी थी। अभी तक मामले की तहरीर नही मिली है। तहरीर मिलने पर कार्यवाही की जायेगी।
