बरेली: ब्लैक फंगस बेकाबू, एक दिन में 12 मरीज मिले

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

बरेली, अमृत विचार। कोरोना संक्रमण के बाद जिले में ब्लैक फंगस बेकाबू होता जा रहा है। कोविड से उबरने के बाद नॉन कोविड मरीजों पर ब्लैक फंगस (म्यूकरमाइकोसिस) हमला कर रहा है। स्वास्थ्य विभाग के अनुसार गुरुवार को एक दिन में सर्वाधिक 12 पोस्ट कोविड मरीजों में ब्लैक फंगस की पुष्टि हुई है। वहीं, अब …

बरेली, अमृत विचार। कोरोना संक्रमण के बाद जिले में ब्लैक फंगस बेकाबू होता जा रहा है। कोविड से उबरने के बाद नॉन कोविड मरीजों पर ब्लैक फंगस (म्यूकरमाइकोसिस) हमला कर रहा है। स्वास्थ्य विभाग के अनुसार गुरुवार को एक दिन में सर्वाधिक 12 पोस्ट कोविड मरीजों में ब्लैक फंगस की पुष्टि हुई है। वहीं, अब तक ब्लैक फंगस के कुल 43 मरीज मिल चुके हैं, जिसमें बरेली जिले के 21 वहीं 22 मरीज गैर जिलों के रहने वाले हैं। अधिकांश मरीजों का इलाज निजी मेडिकल कॉलेज व शहर के निजी अस्पतालों में चल रहा है। अभी मरीजों की हालत स्थिर बनी हुई है।

पहले भी आते थे ब्लैक फंगस के केस
स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों के अनुसार ब्लैक फंगस नया नहीं है। पहले भी इसके मामले सामने आते थे लेकिन इतनी बड़ी संख्या में एक साथ इतने मामले पहली बार आ रहे हैं। इसकी वजह कोविड में चल रहे स्टेरायड इंजेक्शन ही हैं जो मरीजों की रोग प्रतिरोधक क्षमता को कम कर देते हैं।

छह संक्रमितों ने तोड़ा दम
भले ही कोरोना संक्रमित मामलों की संख्या में कमी आई हो लेकिन कोरोना संक्रमितों की मृत्यु का आंकड़ा लगातार बढ़ रहा है जिससे विभागीय अधिकारियों में खलबली मची हुई है। गुरुवार को चार बुजुर्गों समेत छह संक्रमितों ने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। स्वास्थ्य विभाग की ओर से जारी रिपोर्ट के अनुसार अब तक 282 कोरोना संक्रमित जान गंवा चुके हैं।

59 मरीजों में कोरोना की पुष्टि
स्वास्थ्य विभाग की ओर से जारी रिपोर्ट के अनुसार करीब 7 हजार लोगों की कोरोना जांच की गई थी जिसमें 59 मरीजों में कोरोना की पुष्टि हुई है। शहर के कुतुबखाना, बानखाना, सिविल लाइंस, जनकपुरी, सुभाष नगर, मढ़ीनाथ, डीडीपुरम, राजेंद नगर समेत अन्य इलाकों के रहने वाले मरीजों में कोरोना की पुष्टि हुई है।

ब्लैक फंगस के मामले जनपद में लगातार बढ़ रहे हैं, गुरुवार को 12 नये मरीजों में ब्लैक फंगस की पुष्टि हुई है। वहीं, 59 कोरोना के नये संक्रमितों के साथ छह संक्रमितों ने उपचार के दौरान दम तोड़ दिया। -डॉ. रंजन गौतम, जिला सर्विलांस अधिकारी।

संबंधित समाचार