मुरादाबाद : युवक को पीटने में गोरक्षा वाहिनी के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष गिरफ्तार, 12 लोगों के खिलाफ दर्ज हुई थी रिपोर्ट
मुरादाबाद, अमृत विचार। गोवंशीय मीट ले जाने के आरोप में युवक को पीटने के मामले में फंसे गोरक्षा वाहिनी के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष व उनके एक साथी को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। युवक को पीटने का वीडियो सोशल मीडिया में वायरल होने के बाद एसएसपी ने पूरे मामले की जांच के आदेश दिए थे। …
मुरादाबाद, अमृत विचार। गोवंशीय मीट ले जाने के आरोप में युवक को पीटने के मामले में फंसे गोरक्षा वाहिनी के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष व उनके एक साथी को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। युवक को पीटने का वीडियो सोशल मीडिया में वायरल होने के बाद एसएसपी ने पूरे मामले की जांच के आदेश दिए थे।
बाद में पीड़ित युवक के भाई ने छह लोगों को नामजद करते हुए कटघर थाने में 12 लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज करा दी थी। जिसमें पुलिस ने चार को गिरफ्तार कर लिया था। जबकि राष्ट्रीय उपाध्यक्ष अपने एक सहयोगी के साथ फरार हो गए थे। पुलिस ने दोनों आरोपियों का चालान कर दिया है। गौरतलब है कि रिपोर्ट दर्ज होने के बाद राष्ट्रीय उपाध्यक्ष ने अपने पद से इस्तीफा देते हुए पुलिस-प्रशासन पर हत्या कराने का आरोप लगाया था।
घटना 23 मई को कटघर थाना क्षेत्र के ग्राम गोट की है। 23 मई को सोशल मीडिया में एक वीडियो वायरल हुआ था, जिसमें गोरक्षा वाहिनी के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष मनोज ठाकुर एक युवक को डंडों से पीट रहे थे, जबकि कुछ अन्य उनका पक्ष लेने के साथ ही गालियां बक रहे थे। राष्ट्रीय उपाध्यक्ष समेत सभी का दावा था कि युवक गोवंशीय पशुओं का मीट लेकर जा रहा है। वीडियो वायरल होने के बाद एसएसपी प्रभाकर चौधरी ने पूरे मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच के आदेश दिए थे। इसके बाद पुलिस में जहां हलचल मची तो वहीं पीड़ित युवक के भाई ने कटघर थाने में तहरीर दे दी।
मनोज ठाकुर समेत छह नामजद व कई अज्ञात पर दर्ज कराया मुकदमा
मूंढापांडे थाना क्षेत्र के ग्राम नरखेड़ा निवासी जाकिर ने कटघर थाने में दी तहरीर में कहा कि उसका भाई शाकिर भैंसवंशीय पशुओं का करीब 50 किलो मीट बिक्री के लिए स्कूटी से लेकर आ रहा था। तभी ग्राम गोट में मनोज ठाकुर ने कुछ ग्रामीणों के साथ उसके भाई को रोक लिया। आरोप है कि उन्होंने 50 हजार रुपए मांगे। इंकार करने पर झूठे मुकदमे में फंसाने की धमकी देने के साथ ही सभी ने भाई के साथ मारपीट की। जाकिर की तहरीर पर कटघर थाने में पीतलनगरी निवासी मनोज ठाकुर, प्रदीप व ग्राम गोट निवासी बाबू, गुलशन उर्फ गुल्लू, सुमित व विजय को नामजद करते हुए करीब 12 लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली गई थी। रिपोर्ट दर्ज होने के बाद हरकत में आई पुलिस ने गुलशन उर्फ गुल्लू, विजय, प्रदीप व बाबू को गिरफ्तार कर लिया। चारों आरोपियों का चालान कर दिया है।
पद से दे चुके हैं इस्तीफा, हुए गिरफ्तार
कटघर थाने में रिपोर्ट दर्ज होने के बाद मनोज ठाकुर ने सोशल मीडिया पर अपना इस्तीफा वायरल कर दिया था। उनका कहना था कि पुलिस-प्रशासनिक अफसर गोतस्करों को संरक्षण दे रहे हैं। वह विरोध करते हैं तो जानलेवा हमले किए जा रहे हैं। साथ ही मनोज ठाकुर ने पुलिस-प्रशासन पर हत्या कराने की साजिश रचने का आरोप लगाया था। हालांकि इन आरोपों के बीच कटघर पुलिस ने शुक्रवार को पीतलबस्ती नंद कालोनी निवासी मनोज ठाकुर व उनके साथ सम्भल फाटक हड्डी मिल निवासी आशीष जयसवाल को गिरफ्तार कर लिया है। कटघर एसओ गजेंद्र सिंह ने बताया कि दोनों आरोपियों का चालान कर दिया गया है।
