बरेली: राह गुजर रहे लोगों पर गिर रही सेनेटाइजेशन के लिए दवा
बरेली, अमृत विचार। कोरोना से बचाव के लिए नगर निगम की ओर से सेनेटाइजेशन के लिए कराए जा रहे दवा का छिड़काव राहत देने के बजाय जनता को परेशान कर रहा है। मशीनों से तेज गति के साथ यह दवा सड़क पर दूर तक फौव्वारे की तरह गिरती है। ऐसे में राह पर गुजर रहे …
बरेली, अमृत विचार। कोरोना से बचाव के लिए नगर निगम की ओर से सेनेटाइजेशन के लिए कराए जा रहे दवा का छिड़काव राहत देने के बजाय जनता को परेशान कर रहा है। मशीनों से तेज गति के साथ यह दवा सड़क पर दूर तक फौव्वारे की तरह गिरती है। ऐसे में राह पर गुजर रहे बच्चे सहित अन्य लोग के ऊपर रयायनयुक्त यह पदार्थ गिरता है। कई बार बाइक व स्कूटी के जा रहे लोगों की आंखों में भी दवा पहुंच जाने से लोग बिलबिला जाते हैं।
इसके अलावा सड़क किनारे लगी खाने-पीने की चीज भी दवा के गिरने से दूषित हो जाती हैं। लोगों का कहना है कि छिड़काव की मशीन गुजरने से पहले निगम की गाड़ी को अलर्ट करना चाहिए और दवा छिड़काव के लिए निगम के वाहन के गुजरने के दौरान यातायात को कुछ मिनट के लिए रोक देना चाहिए।
संक्रमण से बचाव के लिए नगर निगम काफी समय से शहर के विभिन्न सड़कों पर सेनेटाइजेशन करा रहा है। इसमें छोटी गाड़ी व हाथ मशीन से दवा के छिड़काव से तो कोई दिक्कत नहीं हो रही लेकिन नगर निगम ने दूर तक फौव्वार फेंकने वाली जो बड़ी गाड़ियां खरीदी हैं, उनसे हो रहे दवा के छिड़काव से लोगों को असुविधा हो रही है। फौव्वारे के लिए जो गाड़ियां हैं, उनका फोर्स बहुत ही ज्यादा है।
इससे निकलने वाले दवा पूरे वेग से सड़कों के साथ वहां से गुजर रहे लोगों पर भी पड़ती हैं। कई बार यह दवा राह से गुजर रहे बच्चों आदि लोगों की आंखों में चली जाती है। कई बार तो लोगों की आंखों में दवा पहुंचने से जलन होने लगती है। लोगों का कहना है कि स्कूटी व बाइक से जा रहे लोगों पर जब यह दवा गिरती है तो उनकी आंखें बंद होने लगती हैं। इससे हादसे का खतरा भी बन जाता है।
पिछले साल नगर निगम और फायर ब्रिगेड की टीम ने सेटेलाइट बस अड्डे पर छिड़काव के दौरान ऐसे ही लोगों के ऊपर दवा का छिड़काव कर दिया था। उसके बाद काफी बवाल मचा था। लोगों का कहना है कि इससे बेहतर है कि जब फौव्वारे वाली बड़ी गाड़ी निकले तो उससे कुछ देर पहले सतर्क करने के लिए निगम की गाड़ी निकलनी चाहिए। कुछ मिनट के लिए ट्रैफिक को भी रोका जा सकता है। जैसे फॉगिंग करने से पूर्व यह सब करने का नियम पहले से ही है।
