बरेली: यूजीसी ने 40 फीसदी ऑनलाइन पाठ्यक्रम किए जारी
बरेली, अमृत विचार। विश्वविद्यालय अनुदान आयोग (यूजीसी) ने आगामी सत्र के लिए 40 फीसदी ऑनलाइन पाठ्यक्रम जारी कर दिया है। यह पाठ्यक्रम स्वयं पोर्टल के जरिए जुलाई, अगस्त और सितंबर माह में पढ़ाए जाएंगे। ऑनलाइन पाठ्यक्रम की परीक्षा भी ऑनलाइन करायी जाएगी। यूजीसी ने सभी विश्वविद्यालय व महाविद्यालयों को इस संबंध में निर्देश जारी कर …
बरेली, अमृत विचार। विश्वविद्यालय अनुदान आयोग (यूजीसी) ने आगामी सत्र के लिए 40 फीसदी ऑनलाइन पाठ्यक्रम जारी कर दिया है। यह पाठ्यक्रम स्वयं पोर्टल के जरिए जुलाई, अगस्त और सितंबर माह में पढ़ाए जाएंगे। ऑनलाइन पाठ्यक्रम की परीक्षा भी ऑनलाइन करायी जाएगी। यूजीसी ने सभी विश्वविद्यालय व महाविद्यालयों को इस संबंध में निर्देश जारी कर दिए हैं।
कोरोना महामारी के दौरान उच्च शिक्षण संस्थानों में शैक्षिक सत्र बेपटरी हो गया है। भौतिक कक्षाओं का संचालन नहीं हो पाने के कारण ऑनलाइन कक्षाओं पर जोर दिया जा रहा है। नई शिक्षा नीति के तहत भी ऑफलाइन के साथ ऑनलाइन पढ़ाई पर भी जोर दिया जा रहा है। भविष्य में 60 फीसदी आफलाइन और 40 फीसदी ऑनलाइन पाठ्यक्रम पढ़ाए जाएंगे।
यूजीसी ने जुलाई से अक्तूबर सत्र 2021 के लिए 83 स्नातक और 40 स्नातकोत्तर गैर-इंजीनियरिंग ऑनलाइन पाठ्यक्रमों की घोषणा की है। इन सभी 123 पाठ्यक्रमों को स्वयं पोर्टल पर पेश किया जाएगा। यूजीसी ने विश्वविद्यालयों और महाविद्यालयों से कहा कि कि छात्रों के लाभ के लिए स्वयं ऑनलाइन प्लेटफॉर्म का अधिकतम उपयोग करें, ताकि छात्र ऑनलाइन पढ़ाई कर सकें। स्नातक और स्नात्कोत्तर के जो पाठ्यक्रम तैयार किए गए हैं, उसे स्वयं की अधिकारिक वेबसाइट पर अपलोड कर दिया जाएगा। जो पाठ्यक्रम ऑनलाइन पढ़ाए जाएंगे, उन्हें क्रेडिट सिस्टम का भी लाभ मिलेगा।
किस पाठ्यक्रम को कितने क्रेडिट दिए गए हैं, इसके बारे में भी यूजीसी की अधिकारिक वेबसाइट पर जानकारी प्रदान की गई है। कौन का पाठ्यक्रम किस तारीख से प्रारंभ होगा और किस तारीख में समाप्त होगा इसके बारे में भी बताया गया है। कोर्स के साथ में लिंक भी दिया गया है। एमजेपी रुहेलखंड विश्वविद्यालय भी नई शिक्षा नीति को लागू करने और ऑफलाइन और ऑनलाइन दोनो माध्यम से पढ़ाई की कराने की तैयारी कर रहा है।
40 फीसदी ऑनलाइन पाठ्यक्रम पढ़ाने को लेकर निर्देश दिए हैं। इन पाठ्यक्रम को स्वयं पोर्टल के जरिए पढ़ाया जाएगा। इन पाठ्यक्रम की ऑनलाइन परीक्षा भी होगी और इनके क्रेडिट भी जोड़े जाएंगे। -अविनाश अग्रवाल, यूजीसी समन्वयक बरेली कॉलेज
