बरेली: 52 दिन बाद कब्र से बाहर आया महिला का शव

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

बरेली, अमृत विचार। प्रेमनगर थाना क्षेत्र के अशरफ खां छावनी में 52 दिन बाद एक महिला का शव कब्र से निकाला गया। महिला के छोटे बेटे ने पिता और भाइयों पर हत्या के आरोप लगाए हैं। सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस के होश फाख्ता हो गए जिसके बाद कार्रवाई की गई। …

बरेली, अमृत विचार। प्रेमनगर थाना क्षेत्र के अशरफ खां छावनी में 52 दिन बाद एक महिला का शव कब्र से निकाला गया। महिला के छोटे बेटे ने पिता और भाइयों पर हत्या के आरोप लगाए हैं। सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस के होश फाख्ता हो गए जिसके बाद कार्रवाई की गई। शव कब्र से निकालने के बाद पोस्टमार्टम कराया गया, लेकिन कई दिनों पुराना शव होने के चलते मौत का कारण स्पष्ट नहीं हो सका। इसकी वजह से जांच अटक गई।

अब पुलिस विसरा रिपोर्ट के बाद कार्रवाई की बात कह रही है। पिता का कहना है कि बेटे ने प्रेम विवाह किया था। इसकी वजह से मां ने उसे घर से निकाल दिया था। उसकी मां की जलने से मौत हुई थी, लेकिन बेटे ने किसी के बहकावे में आकर हत्या का आरोप लगा दिया।

प्रेमनगर थाना क्षेत्र के अशरफ खां छावनी की रहने वाली 46 वर्षीय बब्बो की 9 अप्रैल को संदिग्ध हालत में मौत हो गई थी। परिवार के लोगों ने उस समय आनन-फानन में शव को दफना दिया था। कुछ दिनों बाद से एक वीडियो वायरल हो रहा है। महिला के छोटे बेटे युसुफ ने बताया कि वह अपनी ससुराल में रहता था। उसका आरोप है कि उसकी मां को उसके पिता सद्दीक हसन और भाई आरिफ ने जलाकर मार दिया और शव को कब्र में दफना दिया।

वीडियो संज्ञान में आने के बाद एसएसपी रोहित सिंह सजवाण ने प्रेमनगर पुलिस को कार्रवाई के निर्देश दिए। पुलिस ने जिलाधिकारी से शव को कब्र से बाहर निकालने की अनुमति ली। रविवार दोपहर को मजिस्ट्रेट की मौजूदगी में शव बाहर निकालकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया। कई दिनों पुराना शव होने की वजह से मौत का कारण स्पष्ट नहीं हो सका। डॉक्टरों ने महिला की हड्डियां और विसरा सुरक्षित रख लिया है। विसरा रिपोर्ट आने के बाद ही कार्रवाई होगी।

आत्महत्या या हत्या, फिर अटक गई जांच
पुलिस की जांच में सामने आया कि महिला के चीखने की आवाज भी पड़ोसियों ने सुनी थी। महिला के परिजनों ने बिना पुलिस को सूचना दिए शव दफना दिया था। महिला के पति ने भी पत्नी के द्वारा खुद आग लगाने की बात कही है। उनका कहना है कि बेटे ने हत्या का आरोप बहकावे में लगाया है।

कब्रिस्तान में उमड़ी भीड़
जिस वक्त कब्रिस्तान में महिला के शव को कब्र से बाहर निकाला जा रहा था, उस वक्त काफी लोगों की भीड़ जमा हो गई। लोग एक दूसरे से सटकर खड़े हो गए और उन्होंने मास्क भी नहीं लगाया था। जबकि कोरोना कर्फ्यू की वजह से लोगों के बाहर निकलने पर रोक है। पुलिस ने भीड़ जुटने पर लोगों को फटकारा लेकिन इसके बावजूद भी लोग नहीं हटे।

वीडियो वायरल होने के बाद महिला के शव को कब्र से बाहर निकालकर पोस्टमार्टम कराया गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में मौत का कारण स्पष्ट नहीं हो सका है। विसरा रिपोर्ट आने के बाद कार्रवाई की जाएगी। – रवींद्र कुमार, एसपी सिटी

संबंधित समाचार