मुंबई में मकान ढहने से आठ बच्चों समेत 11 लोगों की मौत, प्रधानमंत्री ने की मुआवजे की घोषणा

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

मुंबई। मुंबई के मलवनी इलाके में एक मंजिला मकान के दूसरे ढांचे पर गिरने से आठ बच्चों सहित 11 लोगों की दबकर मौत हो गई। वहीं 17 लोग घायल हो गए। बचाव और तलाश अभियान तेज कर दिया गया है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मामले शोक प्रकट करते हुए मुआवजे की घोषणा की है। उन्होंने …

मुंबई। मुंबई के मलवनी इलाके में एक मंजिला मकान के दूसरे ढांचे पर गिरने से आठ बच्चों सहित 11 लोगों की दबकर मौत हो गई। वहीं 17 लोग घायल हो गए। बचाव और तलाश अभियान तेज कर दिया गया है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मामले शोक प्रकट करते हुए मुआवजे की घोषणा की है। उन्होंने इस हादसे में मारे गए लोगों के परिजनों के लिए दो-दो लाख रुपये और घायलों के लिए 50-50 हजार रुपये की अनुग्रह राशि की घोषणा की।

बृहन्मुंबई महानगरपालिका (BMC) के मुताबिक मलवनी इलाके में अब्दुल हमीद रोड के न्यू क्लेक्टर कम्पाउंड में बुधवार रात करीब 11.15 बजे हादसा हुआ। दमकल विभाग तथा अन्य एजेंसियों के कर्मी तुरंत घटनास्थल पर पहुंचे और बचाव एवं तलाश अभियान शुरू किया। BMC के एक अधिकारी ने हादसे में आठ बच्चों और तीन व्यस्क लोगों की मौत की पुष्टि की है।

पीएमओ ने किया ट्वीट

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने इमारत के ढहने में मारे गए लोगों के परिजनों के प्रति दुख जताया और घायलों के जल्द स्वस्थ होने की कामना की। प्रधानमंत्री कार्यालय (PMO) की ओर से किए गए ट्वीट के मुताबिक, मोदी ने कहा, ‘‘मुंबई के पश्चिमी मलाड में एक संरचना के ध्वस्त होने से हुई मौतों से दुखी हूं। दुख की इस घड़ी में मेरी संवेदनाएं शोक संतप्त परिवारों के साथ हैं। मैं घायलों के जल्द स्वस्थ होने की कामना करता हूं।’’

दूसरे ट्वीट में मुआवजे की घोषणा

करीब 40 मिनट बाद दूसरा ट्वीट किया गया। ट्वीट में पीएमओ ने कहा कि प्रधानमंत्री ने इस हादसे में मारे गए लोगों के परिजनों के लिए दो-दो लाख रुपये और घायलों के लिए 50-50 हजार रुपये की अनुग्रह राशि की घोषणा की।

मृतक तीन बच्चों की हुई पहचान

बीएमसी के अधिकारी ने बताया कि मरने वालों में आठ, नौ और 13 वर्ष के तीन बच्चों की पहचान की जा चुकी है। आठ अन्य की पहचान की जा रही है। घायल हुए अन्य 17 लोगों में से एक की हालत गंभीर है। मलबे से निकाले गए घायलों को नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

अब भी मलबे में फंसे होने की आशंका

महानगरपालिका और दमकल विभाग के अधिकारियों के अनुसार, कुछ और लोग भी मलबे में फंसे हो सकते हैं और उनकी तलाश जारी है। मकान पास ही बने एक मंजिला ढांचे पर गिर गया था, इनके पास बनी तीन मंजिला इमारत भी हिल गई।

संबंधित समाचार