मुरादाबाद: निगम की लापरवाही ने ली फिर एक बच्चे की जान, पतंग उड़ाते समय बजबजा रहे नाले में गया था गिर
मुरादाबाद, अमृत विचार। नगर निगम के अधिकारियों की लापरवाही ने फिर एक बच्चे की जान ले ली। कटघर क्षेत्र में पतंग उड़ाते समय एक बच्चा बारिश के बाद बजबजा रहे नाले में गिर गया। बच्चे को नाले में डूबता देख परिजनों के अलावा मौजूद लोगों में हड़कंप मच गया। बच्चे को बचाने के प्रयास में …
मुरादाबाद, अमृत विचार। नगर निगम के अधिकारियों की लापरवाही ने फिर एक बच्चे की जान ले ली। कटघर क्षेत्र में पतंग उड़ाते समय एक बच्चा बारिश के बाद बजबजा रहे नाले में गिर गया। बच्चे को नाले में डूबता देख परिजनों के अलावा मौजूद लोगों में हड़कंप मच गया। बच्चे को बचाने के प्रयास में उसके भाई ने भी उफान पर आ चुके नाले में छलांग लगा दी। आनन-फानन में सीढ़ी लगाकर क्षेत्रीय लोगों ने दोनों को बाहर निकाला, तब तक बच्चा गंदे पानी के कारण बेदम हो चुका था। घबराए परिजन उसे लेकर निजी अस्पताल पहुंचे, जहां पर डाक्टरों ने मृत घोषित कर दिया।
नगर निगम की लापरवाही लोगों की जान पर भारी पड़ रही है। शनिवार को फिर उफनते नाले में गिरने से एक बच्चे ने दम तोड़ दिया। हादसा कटघर थाना क्षेत्र में लालनगरी कोहिनूर तिराहे के पास हुआ, यहां पर खाली प्लाटों में कुछ घुमंतू परिवार के लोग रहते हैं। लईक भी अपने परिवार के साथ यहां पर झोपड़ी बनाकर रहता है। वह लोहे के उपकरण बनाने का काम करता है।
शनिवार की शाम करीब चार बजे लईक के पांच साल का बेटा आसिफ पन्नी से बनी पतंग उड़ा रहा था। पतंग उड़ाते समय वह कुछ दूरी पर खुले नाले के पास पहुंच गया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार अचानक पैर फिसलने से आसिफ नाले में गिर गया। यह देखकर उसका बड़ा भाई रेहान शोर मचाता हुआ मौके की ओर भागा। छोटे भाई को बचाने के प्रयास में रेहान ने भी नाले में छलांग लगा दी।
रेहान ने कई बार आसिफ को नाले से बाहर निकालने का प्रयास किया लेकिन बजबजा रहे नाले के कारण वह सफल नहीं हो सका। इस बीच कुछ लोग सीढ़ी लगाकर नाले में उतरे और दोनों को बाहर निकाला। आनन-फानन में परिजन बेदम हो चुके आसिफ को एक निजी अस्पताल लेकर गए, जहां पर डाक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। आसिफ की मौत के बाद परिजनों में कोहराम मच गया। सूचना पर कटघर पुलिस भी मौके पर आ गई, हालांकि परिजनों ने कार्रवाई करने से इंकार कर दिया।
कुछ दिन पहले भी नाले में गिरा था युवक, अस्पताल में हुई थी मौत
सड़कों पर खुदे गड्ढे और खुले नाले आए दिन जानलेवा साबित हो रहे हैं। कुछ दिनों पहले मझोला थाना क्षेत्र में जयंतीपुर के पास भी एक नाले में युवक गिर गया था। काफी मशक्कत के बाद उसे गंभीर हालत में बाहर निकालकर जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया था, जहां पर पेट के अंदर कीचड़ व गंदा पानी जाने के कारण उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई थी। इस घटना के बाद नगर निगम की कार्यप्रणाली को लेकर काफी हो-हल्ला मचा था। नतीजा यह हुआ कि नगरायुक्त को पूरे मामले की जांच करानी पड़ी। अभी यह मामला ठंडा भी नहीं हुआ था कि शनिवार को फिर एक और हादसा हो गया।
नगर आयुक्त संजय चौहान ने बताया कि नाले में गिरकर बच्चे की मौत की सूचना फिलहाल नहीं हैं। फिर भी मैं अफसरों को भेजकर मामले की जांच कराता हूं। अगर इस घटना में नगर निगम कर्मियों की कोई लापरवाही सामने आती है तो संबंधित के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
कटघर थाना प्रभारी गजेंद्र सिंह ने बताया कि हादसे की सूचना मिलने पर पुलिस को मौके पर भेजा गया था। नाले से निकालने के कुछ देर बाद ही मासूम की मौत हो गई थी। परिजनों ने लिखित में कोई भी कार्रवाई करने से इंकार कर दिया है।
