उन्नाव: घर लौट रहे सर्राफ पर बाइक सवार बदमाशों ने किया हमला, आभूषणों भरा बैग लेकर हुए रफूचक्कर
उन्नाव, अमृत विचार। मौरावां थाना क्षेत्र के बाइक सवार बदमाशों ने दुकान बंद कर घर लौट रहे सर्राफ पर हमला बोल दिया। बदमाश उसके आभूषण का बैग लेकर रफूचक्कर हो गए। घायल को ग्रामीणों ने उपचार के लिए स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया है। मिली जानकारी के मुताबिक हिलौली के झुलउ मोहल्ला निवासी अरविंद उर्फ …
उन्नाव, अमृत विचार। मौरावां थाना क्षेत्र के बाइक सवार बदमाशों ने दुकान बंद कर घर लौट रहे सर्राफ पर हमला बोल दिया। बदमाश उसके आभूषण का बैग लेकर रफूचक्कर हो गए। घायल को ग्रामीणों ने उपचार के लिए स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया है।
मिली जानकारी के मुताबिक हिलौली के झुलउ मोहल्ला निवासी अरविंद उर्फ बउआ पुत्र रमेश सोनी की लउवा गांव में साक्षी ज्वैलर्स के नाम से दुकान है। शनिवार शाम तकरीबन 7 बजे रोज की तरह वह दुकान बंद कर घर लौट रहा था। अभी वह हिलौली-लउवा रोड स्थित रामबाबू के भट्ठे के पास ही पहुंचा था कि बाइक सवार बदमाशों ने धक्का देकर उसे बाइक से गिरा दिया। इससे पहले की वह कुछ समझ पाता बदमाश उसका आभूषण वाला बैग लेकर रफूचक्कर हो गए।
वहां पहुंचे ग्रामीणों ने घायल सर्राफ को उपचार के लिए स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया। पीड़ित ने फोन के जरिये पुलिस को मामले की सूचना दी। लूट की घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस बाइक सवार बदमाशों की तलाश में आसपास के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालने में जुट गई। थानाध्यक्ष ने बताया कि घटना की सूचना पर जांच पड़ताल की जा रही है। अभी तहरीर नहीं प्राप्त हुई है।
