रामपुर: पड़ोसी राज्य से लाई महिला का कराया धर्मांतरण, हड़कंप

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

रामपुर/सैफनी/शाहबाद, अमृत विचार। ट्रक चालक द्वारा पड़ोसी राज्य उत्तराखंड से लाई महिला का धर्मांतरण कर निकाह करने, नाम बदलने और बच्चों का खतना कराए जाने पर बवाल हो गया। मामला हिन्दू संगठनों के संज्ञान में आने पर वे थाना शाहबाद पहुंच गए और पुलिस से आरोपियों को तुरंत गिरफ्तार किए जाने की मांग की। महिला …

रामपुर/सैफनी/शाहबाद, अमृत विचार। ट्रक चालक द्वारा पड़ोसी राज्य उत्तराखंड से लाई महिला का धर्मांतरण कर निकाह करने, नाम बदलने और बच्चों का खतना कराए जाने पर बवाल हो गया। मामला हिन्दू संगठनों के संज्ञान में आने पर वे थाना शाहबाद पहुंच गए और पुलिस से आरोपियों को तुरंत गिरफ्तार किए जाने की मांग की।

महिला और बच्चों का डाक्टरी मुआयना कराया गया है। एएसपी डा.संसार सिंह ने भी कोतवाली पहुंचकर घटना की जानकारी ली। पुलिस ने इस मामले में 5 लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है, जबकि तीन लोग गिरफ्तार कर लिए हैं।

तहसील शाहबाद के क्षेत्र के बैरुआ गांव निवासी महफूज पुत्र अंजार हुसैन ट्रक ड्राइवर है। वह कई साल से ट्रक चलाता है। आरोपी महफूज की काफी समय से उत्तराखंड नैनीताल जिले के कालाढूंगी निवासी हरकेश से अच्छी दोस्ती चली आ रही थी। जिस कारण महफूज का हरकेश के घर आना-जाना लगा रहता था।

इसी बीच हरकेश की 8 मई को उत्तराखंड के जसपुर इलाके में एक सड़क दुर्घटना के दौरान मृत्यु हो गई। इसके बाद आरोपी महफूज ने हरकेश के घर जल्दी-जल्दी जाना शुरू कर दिया। इसी बीच हरकेश की हरजिंदर कौर पत्नी व उसके बच्चों को सहारा देने का लालच देकर उससे हमदर्दी जताने लगा।

जिस पर महिला उसके झांसे में आ गई और एक सप्ताह पूर्व अपने दोनों बेटे 12 वर्षीय राहुल 10 वर्षीय सुमित को साथ लेकर महफूज के घर आ गई। 11 जून को महिला का धर्म परिवर्तन कराकर उसका निकाह महफूज के साथ करा दिया गया। निकाह के बाद महिला का नाम गुलिस्तां और दोनों बच्चों का नाम फरमान व अनस रखा गया।

इसके बाद दोनों बच्चों की खतना भी करा दी गईं। खतना और निकाह की खुशी में ही आरोपी ने अपने घर पर दावत का कार्यक्रम रखा था। जिसके बाद लोगों को इस मामले की पूरी जानकारी हुई तो किसी ने पुलिस को मामले की जानकारी दे दी।

सूचना मिलने पर पुलिस महकमें में हड़कंप मच गया और पुलिस मौके पर पहुंच गई। पुलिस मौके से तीन लोगों को गिरफ्तार कर एवं महिला व बच्चों को अपने साथ कोतवाली ले आई। जहां से महिला व बच्चों को मेडिकल परीक्षण के लिए सीएचसी भेजा दिया गया है।

बिलासपुर गुरुद्वारे भेजे जाएंगे महिला व बच्चे
कोतवाल शाहबाद शिवचरण सिंह ने कहा है कि महिला व उसके दोनों पुत्रों को बिलासपुर के गुरुद्वारे भेजा जाएगा। कोतवाल ने बताया कि सूचना मिलते ही पुलिस ने मौके पर पहुंच कर एक महिला सहित तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। दोपहर बाद उनका चालान भी कर दिया गया है। फरार हुए दोनों आरोपियों की भी तलाश की जा रही है।

डा. संसार सिंह, एएसपी ने कहा पांच लोगों के विरुद्ध मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। जिनमें से अंजार व उसकी पत्नी मुमताज और शकील समेत 3 आरोपियों को तत्काल ही गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस मौके से फरार हुए दोनों आरोपियों की भी तलाश कर रही है।

संबंधित समाचार