बरेली: ट्रक चालक और हेल्पर की हत्या कर शव रामगंगा में फेंका

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

बरेली, अमृत विचार। बिहार से चंदौसी निकले ट्रक चालक और हेल्पर ट्रक समेत लापता हो गए। 20 दिन बाद उनके शव चंदौसी पुलिस ने बरेली की कैंट थाना पुलिस की मदद से रामगंगा नदी से बरामद कर लिए हैं। दोनों के कंकाल मिले हैं और कपड़ों से उनकी पहचान हुई है। दोनों की लुटेरों ने …

बरेली, अमृत विचार। बिहार से चंदौसी निकले ट्रक चालक और हेल्पर ट्रक समेत लापता हो गए। 20 दिन बाद उनके शव चंदौसी पुलिस ने बरेली की कैंट थाना पुलिस की मदद से रामगंगा नदी से बरामद कर लिए हैं। दोनों के कंकाल मिले हैं और कपड़ों से उनकी पहचान हुई है। दोनों की लुटेरों ने ट्रक लूटने के लिए हत्या की थी।

संभल जिले की चंदौसी थाना पुलिस ने छह हत्यारों को गिरफ्तार कर लिया है, जिसमें एक बारादरी बरेली और दो पीलीभीत के भी हैं। पुलिस ने आरोपियों के पास से लूटा हुआ ट्रक, घटना में इस्तेमाल टवेरा कार, बोलेरो, इनोवा के साथ 3 तंमचे, 3 चाकू जब्त किए गए। पुलिस कंकाल को डीएनए जांच के लिए भेजेगी।

संभल पुलिस अधीक्षक चक्रेश मिश्र ने बताया कि 27 मई की रात बिहार के पूर्वी चंपारण से ट्रक लोड कर चंदौसी के लिए चला था। रास्ते में चालक परमात्मा कुशवाह पुत्र राजेंद्र कुशवाह व हेल्पर इरशाद मियां पुत्र नरूप छोटा निवासी बिलासपुर रामगढ़वा के साथ गायब हो गए। 8 जून को संतोष गिरी पुत्र ब्रजमोहन गिरी निवासी तुमरिया टोला वार्ड-5 रक्सैल इस्ट चंपारण बिहार की तहरीर पर रिपोर्ट दर्ज कर जांच की तो बदायूं के बगरैन में चालक का मोबाइल बरामद हुआ।

उसकी कॉल डिटेल्स पर 6 लोगों को पकड़ा गया। गिरफ्त में आए आरोपियों ने बताया कि 27 मई को चंदौसी बाईपास से वीएन एडीवन कंपनी के सामने एक 14 टायरा ट्रक खड़ा था। किशनवीर व हरीश, अनिल पुत्र कुवरपाल निवासी प्रगति बिहार तथा राहुल उर्फ मोमिन पुत्र मुख्तयार अली ग्राम राजथल थाना कुढ़फतेहगढ़ जनपद संभल अलीगढ़ का रास्ता पूछने के बहाने उस ट्रक में घुस गए।

200 मीटर आगे सद्दाम पुत्र शब्बीर निवासी राजथल थाना कुढ़फतेहगढ़, संभल (जो राहुल उर्फ मोमिन का तेहरा चचेरा भाई है) को भी ट्रक में चढ़ा लिया। हमने तमंचा दिखाकर चालक व परिचालक को चुपचाप रहने को कहा। इसके बाद चंदौसी से बिसौली आंवला वाले रोड पर ट्रक लेकर गए। बगरैन कस्बे के पास ट्रक चालक का मोबाइल फोन छीनकर फेंक दिया। किशनवीर ने ट्रक चलानी शुरू कर दी।

इसी बीच हम भमौरा पहुंचे। वहां पर राजवीर राठौर पुत्र रामस्वरूप निवासी चकनवादा थाना बरादरी जनपद बरेली को अपने साथ शिशुपाल पुत्र सुरेश निवासी देवीपुरा थाना गजरौला जनपद पीलीभीत अपनी इनोबा कार के साथ तैयार था। इसी दौरान संतोष पुत्र चुन्नी लाल निवासी थाना जहांनाबाद जनपद पीलीभीत अपनी टबेरा को लेकर आ गया। सभी ने ट्रक चालक और हेल्पर की हत्या कर दी। गैंग का लीडर राजवीर है जो चोरी व लूट की गाड़ियां चलवाता है।

35-35 हजार दिए हत्या के लिए
आरोपी किशनवीर ने बताया कि हरीश, अनिल, सद्दाम ने मिलकर चालक को मारा और राहुल, राजवीर, संतोष, शिशुपाल ने परिचालक को उसके अंगोछे से गला दबा कर मार दिया। उसके बाद राजवीर राठौर ट्रक के आगे चलता रहा तथा पीछे संतोष टवेरा से ट्रक के पीछे गया। जैसे ही हम सब लोग रामगंगा के पुल पर पहुंचे, तभी हम लोगों ने दोनों के शवों को उसमें फेंक दिया।

इसके बाद आगे बरेली लाल फाटक पर जाकर राजवीर ने हम लोगों को 35-35 हजार रुपये दिये और हमें चंदौसी वापस भेज दिया। जिस जगह से ट्रक चोरी हुआ था वहां के सीसीटीवी फुटेज की जांच की तो पता चला कि तीन चार लोग ट्रक में बैठकर जा रहे हैं। उसके बाद आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। दो आरोपी सद्दाम पुत्र शब्बीर बढई और अनिल पुत्र कुंवरपाल फरार हैं।

संबंधित समाचार