बाराबंकी: जमीन की पैमाइश करने पहुंची राजस्व टीम को महिलाओं ने पीटा, 50 पर एफआईआर

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

सिरौलीगौसपुर/बाराबंकी, अमृत विचार। निर्माणाधीन चक मार्ग की पैमाइश करने पहुंची राजस्व टीम को महिलाओं ने जमकर पीट दिया। आरोप है कि राजस्व टीम ने अनुसूचित जाति की महिला से अश्लीलता की। घटना के बाद भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे उपजिलाधिकारी सुरेन्द्र पाल विश्वकर्मा ने घटना स्थल का निरीक्षण कर जांच के आदेश …

सिरौलीगौसपुर/बाराबंकी, अमृत विचार। निर्माणाधीन चक मार्ग की पैमाइश करने पहुंची राजस्व टीम को महिलाओं ने जमकर पीट दिया। आरोप है कि राजस्व टीम ने अनुसूचित जाति की महिला से अश्लीलता की। घटना के बाद भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे उपजिलाधिकारी सुरेन्द्र पाल विश्वकर्मा ने घटना स्थल का निरीक्षण कर जांच के आदेश दिए हैं। प्रभारी निरीक्षक बदोसराय दया शंकर सिंह को आरोपियों के विरुद्ध कार्रवाई के निर्देश दिए है।

हल्का लेखपाल साकेत रावत की शिकायत पर बदोसराय पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर धड़पकड़ की कार्यवाही शुरू कर दी है। वही दूसरे पक्ष का आरोप है कि हल्का लेखपाल व कानूनगो द्वारा अनुसूचित जाति महिला से अश्लीलता पूर्वक अभद्र व्यवहार किया।जिसके बाद गांव की आक्रोशित महिलाओं से राजस्व टीम की झड़प हुई है और पुलिस पीड़ित महिला की शिकायत नहीं सुन रही है।

कोतवाली बदोसराय क्षेत्र के ग्राम बरदरी में ग्राम प्रधान शिवा मिश्रा के दरवाजे से बाबू तेली के खेत तक करीब 800 मीटर चक मार्ग की पटाई का कार्य चल रहा है। इसकी पैमाइश पूर्व में लेखपाल द्वारा कराई गई थी जिसमें लेखपाल ने चार मीटर चौड़ाई व 800 मीटर लंबाई नाप कर दिया था। लेकिन करीब 100 मीटर चक रोड पटने के बाद गांव के ही लोगों द्वारा एसडीएम से नाप से अधिक चकरोड पटने की शिकायत की।

शिकायत के बाद उपजिलाधिकारी के निर्देश पर राजस्व निरीक्षक दीनानाथ यादव के नेतृत्व में राजस्व टीम का गठन कर फिर से पैमाइश करने के निर्देश दिए गए। मंगलवार को राजस्व टीम गांव पहुंचकर चकरोड की पैमाइश करने पहुंची। अतिरिक्त पाटे गए चक मार्ग को खोदने के निर्देश मजदूरों को दिए। मजूदरों ने प्रधान की मौजूदगी में ही अतिरिक्त चक रोड काटने का पक्ष रखा।

आरोप है कि राजस्व टीम ने मजदूरों पर चक रोड खोदने का दबाव बनाया। इसी दौरान मजदूरों व राजस्व टीम के बीच नोकझोंक शुरू हो गई। इसके बाद ग्रामीण महिलाओं ने राजस्व टीम को पीट दिया। लेखपाल साकेत रावत ने ग्राम प्रधान शिवा मिश्रा, शोभित मिश्रा, अश्वनी त्रिपाठी, देशराज नंदन, संजय मौर्य, अमित पाल, मोहम्मद हारून, राकेश, उषा देवी, वंदना सहित करीब 50 लोगों के खिलाफ मुकदर्मा दर्ज कराया है।

वहीं, चक मार्ग पर कार्य कर रहे पीडित मजदूर अनुसूचित जाति का बताया जा रहा है। उसकी पत्नी का आरोप है कि उसके खेत के बराबर ही चक रोड की पैमाईश की जा रही थी। तभी उसके पति के साथ राजस्व टीम ने गाली-गलौच की। जब उसने बीच-बचाव किया तो लेखपाल और कानूनगो ने गाली-गलौच व अश्लीलता की। इस पर गांव की महिलाओं ने विरोध किया। आरोप है कि पुलिस पीडित पक्ष के खिलाफ ही कार्रवाई कर रही है।

प्रभारी निरीक्षक बदोसराय दयाशंकर सिंह ने बताया कि हल्का लेखपाल की तहरीर पर मुकदमा दर्ज करके कार्रवाई की जा रही है। वहीं दूसरे पक्ष की 150 से 200 महिलाएं थाने पर आई थीं। उनके आरोप निराधार हैं इसकी जांच कराई जा रही है।

संबंधित समाचार