रामपुर: किसान के घर में भीषण आग लगने से 50 लाख का नुकसान, तीन लोग झुलसे

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

रामपुर/सैदनगर अमृत विचार। किसान के घर में लगी आग से करीब 50 लाख का नुकसान हुआ है। आग की ऊंची लपटें उठती देख ग्रामीणों ने आग बुझाने का प्रयास किया लेकिन, आग काबू में नहीं आई। आग बुझाने में पिता-पुत्र समेत 3 लोग झुलस गए। लोगों ने फायर ब्रिगेड को सूचना दी, मौके पर पहुंची …

रामपुर/सैदनगर अमृत विचार। किसान के घर में लगी आग से करीब 50 लाख का नुकसान हुआ है। आग की ऊंची लपटें उठती देख ग्रामीणों ने आग बुझाने का प्रयास किया लेकिन, आग काबू में नहीं आई। आग बुझाने में पिता-पुत्र समेत 3 लोग झुलस गए। लोगों ने फायर ब्रिगेड को सूचना दी, मौके पर पहुंची फायर बिग्रेड के कर्मचारियों ने करीब एक घंटे में आग पर काबू पा लिया। आसपास के चार घर भी आग की चपेट में आ गए।

थाना अजीमनगर के नगलिया आकिल गांव निवासी अताउर रहमान के घर बुधवार सुबह सिलेंडर लीक होने से आग लग गई। देखते ही देखते आग ने भयंकर रूप ले लिया। घर में रखे ज्वलनशील पदार्थ के ड्रम भी आग की चपेट में आ गए। इसके बाद हालात इतने खराब हुए कि आसपास के चार घर भी आग की चपेट में आ गए। भीषण आग को बुझाने के लिए ग्रामीणों को जिसके जो हाथ में आया पानी भरकर आग पर डालते रहे लेकिन, आग बेकाबू होती गई। आग को बेकाबू होता देख ग्रामीणों ने आग लगने की सूचना फायर बिग्रेड और पुलिस को दी। कुछ देर के बाद गांव में दमकल की दो गाड़ियों पहुंच गईं।

फायर बिग्रेड के कर्मचारियों ने आग पर काबू पाने को मशक्कत शुरु की और करीब 1 घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पा लिया गया। आग की लपटों से अताउर रहमान, मुजीब उर रहमान समेत तीन लोग झुलस गए। आग से पड़ोसी हाजी माजिद, ताहिर और कय्यूम के घरों में भी नुकसान हुआ है।

ग्रामीण बोले : हमने आज तक नहीं देखी इतनी भयंकर आग
सैदनगर। ग्राम नगलिया आकिल में अताउर रहमान के घर में ऐसी भीषण आग लगी है कि इससे पहले ग्रामीणों ने ऐसी भीषण आग कभी नहीं देखी। अताउर रहमान के घर का सारा सामान जलकर राख हो गया। इसके अलावा मैंथा और डीजल के ड्रम जल गए जिससे आग विकराल रूप पकड़ गई। आग से करीब 50 लाख का नुकसान होने का अनुमान है। ग्रामीणों ने कहा कि आग का ऐसा विकराल रूप उन्होंने जीवन में नहीं देखा है।

किसान के घर में रखे ड्रमों में क्या भरा था, पुलिस जांच में जुटी
नगलिया आकिल में बुधवार की सुबह लगी भयंकर आग से पूरे क्षेत्र में सनसनी फैल गई। गांव का हर व्यक्ति यह जानने की कोशिश कर रहा था कि आखिर ड्रम में क्या था। ग्रामीणों के मुताबिक ऐसा कौन सा ज्वलनशील पदार्थ था जिसकी लपटें इतनी भयंकर थीं। आग लगने के आधे घंटे बाद जब फायर बिग्रेड गांव पहुंची तो पूरा गांव धुएं में तब्दील हो चुका था। फायर बिग्रेड के कर्मचारियों ने जब पानी की बौछार शुरू की तो घर का पानी नालियों में बहने लगा। जिस नाली से होकर यह पानी गया वहां भी ज्वलनशील पदार्थ के कारण आग की लपटें उठने लगीं। जिस खेत में जाकर नाली का पानी गिरा उस खेत के आसपास भी करीब 1 बीघा गेहूं जल गए। पुलिस के लिए भी यह जांच का विषय है कि आखिर ड्रम में कौन सा केमिकल था। ग्रामीणों के मुताबिक काफी समय से घर के अंदर केमिकल से पेट्रोल और डीजल बनाने का काम चल रहा है।

घर में रखा ज्वलनशील पदार्थ क्या था इसकी जांच कराई जा रही है। जांच के बाद ही आरोपियों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।-रविंद्र कुमार, थानाध्यक्ष अजीमनगर

संबंधित समाचार