अमरोहा : पत्नी को मायके से बुलाने के लिये टावर पर चढ़ा युवक, कई घंटे चला ड्रामा
अमरोहा। पत्नी को मायके से बुलाने की जिद पर अड़े युवक का हाई वोल्टेज ड्रामा देखने को मिला। युवक मोहल्ले में ही स्थित मोबाइल टावर पर चढ़ गया और जोर-जोर अपनी पत्नी को बुलाने के लिए चिल्लाने लगा। युवक को टावर पर देख भीड़ जमा हो गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने किसी तरह युवक …
अमरोहा। पत्नी को मायके से बुलाने की जिद पर अड़े युवक का हाई वोल्टेज ड्रामा देखने को मिला। युवक मोहल्ले में ही स्थित मोबाइल टावर पर चढ़ गया और जोर-जोर अपनी पत्नी को बुलाने के लिए चिल्लाने लगा। युवक को टावर पर देख भीड़ जमा हो गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने किसी तरह युवक को नीचे उतारा।
थाना अमरोहा देहात क्षेत्र के चंदा वाली मढ़ैया निवासी 28 वर्षीय रामकिशोर शराब पीने का आदी है। कई साल पहले रामकिशोर की शादी बिहार की रहने वाली आशा के साथ दिल्ली में की थी। पड़ोसियों के मुताबिक आशा आस-पड़ोस घरों में झाड़ू-पोछा का काम करती थी। जिससे उसको पैसे मिलते तो शराबी पति रुपये छीनकर शराब खरीद लेता था। वह खुद कुछ नहीं करता है।
बताया जाता है कि शराब पीने के बाद वह अपनी पत्नी आशा के साथ रोजाना मारपीट करता था। पति की पिटाई से तंग आकर आशा उसे छोड़कर चली गई। पत्नी के चले जाने के बाद रामकिशोर तनाव में रहने लगा। बुधवार को शोले फिल्म का वीरू बनकर रामकिशोर घर के पास मौजूद मोबाइल टावर पर चढ़ गया। जोर-जोर से चिल्लाकर अपनी पत्नी को मायके से बुलाने की बात करता रहा। यह देख मौके पर भीड़ जमा हो गई। सूचना थाना पुलिस के साथ ही फायर ब्रिगेड भी मौक पर पहुंच गई।
पुलिस ने रामकिशोर को नीचे उतरने को कहा तो वहर उनसे पत्नी को बुलाने की मांग करने लगा नहीं तो आत्महत्या की धमकी देने लगा। पुलिस ने बमुश्किल कड़ी मशक्कत के बाद युवक को सकुशल नीचे उतारकर थाने ले गई। इसके बाद पुलिस ने राहत की सांस ली। देहात थाना इंस्पेक्टर संजीव त्यागी ने बताया कि पिटाई के कारण रामकिशोर की पत्नी उसको छोड़कर चली गई, जिसको बुलाने की मांग पर वह मोबाइल टावर पर चढ़ गया। कई घंटे बाद उसे सकुशल नीचे उतारा गया। परिजनों को सूचना दे दी है। उसकी पत्नी को बुलाने का प्रयास किया जा रहा है।
