बरेली: सौ फुटा रोड को भगत सिंह की जगह केसर सिंह करने की पूरी होगी कार्रवाई
बरेली, अमृत विचार। नगर निगम बोर्ड को एक बार फिर सौ फुटा सड़क के नाम का बदलने के लिए फिर से प्रस्ताव लाना होगा। दो दिन पहले शहर में आए उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने सौ फुटा रोड का नाम विधायक केसर सिंह गंगवार के नाम पर रखने की घोषणा की थी। नवाबगंज विधायक केसर …
बरेली, अमृत विचार। नगर निगम बोर्ड को एक बार फिर सौ फुटा सड़क के नाम का बदलने के लिए फिर से प्रस्ताव लाना होगा। दो दिन पहले शहर में आए उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने सौ फुटा रोड का नाम विधायक केसर सिंह गंगवार के नाम पर रखने की घोषणा की थी। नवाबगंज विधायक केसर सिंह का कुछ समय पहले कोरोना से निधन हो गया था।
करीब सात साल पहले नगर निगम बोर्ड इस रोड का नाम शहीद भगत सिंह रखने के प्रस्ताव को मंजूरी दे चुका है। यह बात अलग है कि नगर निगम प्रशासन ने सौ फुटा का नाम शहीद भगत सिंह रखने के बावजूद वहां न तो शहीदे आजम के नाम का न तो कोई गेट बनवाया है और न ही बोर्ड लगवाया है। नगर निगम के अधिकारियों का कहना है कि इस रोड का नया नामकरण कराने के लिए बोर्ड में फिर से प्रस्ताव लाकर उसे स्वीकृति देनी होगी।
वर्ष 2014 में सपा की अखिलेश सरकार के दौरान सौ फुटा रोड का नाम शहीद भगत करने का प्रस्ताव नगर निगम बोर्ड में रखा गया था, जिसे सर्वसम्मति से मंजूर कर लिया गया था। सड़क के सौंदर्यीकरण के साथ उसके चौड़ीकरण का उद्घाटन पूर्व मेयर डा. आईएस तोमर ने किया था। इस कार्यक्रम में सपा के तमाम बड़े नेता भी शामिल हुए थे।
डिप्टी सीएम की घोषणा के बाद नगर निगम के अफसर के बीच संशय की स्थिति बनी हुई है। अधिकारियों का कहना है कि इस संबंध में उनके पास कोई लिखित आदेश तो नहीं आया है। डिप्टी सीएम के कार्यक्रम की लिखित कार्ययोजना के बाद निर्देश के जो बिंदु आएंगे, उसके आधार आगे की कार्रवाई की जाएगी। हालांकि रोड का नाम बदलने के लिए बोर्ड में फिर से प्रस्ताव लाने की औपचारिकता को पूरा करना होगा।
प्रस्ताव लाएगा बोर्ड
अपर नगर आयुक्त अजीत कुमार सिंह ने बताया कि सौ फुटा रोड के नाम अगर फिर से बदलना होगा तो इसका प्रस्ताव बोर्ड ही लाएगा। इस संबंध में फिलहाल मेरे पास कोई दिशा-निर्देश नहीं है।
