रामपुर: तेज बारिश से रेलवे स्टेशन परिसर में गिरा नवाबी दौर का पेड़, कुली घायल
रामपुर, अमृत विचार। शुक्रवार-शनिवार की दरमियानी रात से शुरु हुई झमाझम बारिश से जहां लोगों को गर्मी से राहत मिली है तो वहीं जीवन भी अस्त व्यस्त हो गया है। लगातार हो रही मूसलाधार बारिश से शहर पानी-पानी हो गया है। सड़कों पर जलभराव होने से लोगों को परेशानी हो रही है। इसके अलावा शनिवार …
रामपुर, अमृत विचार। शुक्रवार-शनिवार की दरमियानी रात से शुरु हुई झमाझम बारिश से जहां लोगों को गर्मी से राहत मिली है तो वहीं जीवन भी अस्त व्यस्त हो गया है। लगातार हो रही मूसलाधार बारिश से शहर पानी-पानी हो गया है। सड़कों पर जलभराव होने से लोगों को परेशानी हो रही है।
इसके अलावा शनिवार की पूर्वाह्न करीब 11:15 बजे रेलवे स्टेशन परिसर में खड़ा नवाबी दौर का सालों पुराना पाकड़ का पेड़ गिर गया। जिससे वहां पर बैठा एक कुली प्रताप सिंह भी घायल हो गया, हादसे के बाद चीख पुकार मच गई। पेड़ गिर जाने के बाद रेलवे स्टेशन के मेनगेट का आवागमन भी बंद हो गया। शनिवार को लाकडाउन के चलते बड़ा हादसा होने से बच गया। सामान्य दिनों में ई रिक्शा, आटो वाले पेड़ के निकट चाय के ठेले पर पूरे दिन चाय पीते रहते हैं।

करीब 70 वर्षीय जमशेद खां बताते हैं कि उन्होंने बचपन से इस पेड़ को ऐसे ही देखा है। यह पेड़ नवाबी दौर का है। क्योंकि नवाबी दौर में रामपुर रेलवे स्टेशन एवं नवाब स्टेशन का निर्माण हुआ था। लगातार हो रही झमाझम बारिश से लोगों के घरों में पानी घुस गया, जिससे लोगों को काफी परेशनियों का सामना करना पड़ा। सड़कों और गलियों में जलभराव होने के कारण लोगों को आवाजाही में काफी दिक्कतें आ रही हैं।
