शाहजहांपुर: जितिन प्रसाद की एक हफ्ते में दूसरी बार योगी से मुलाकात, क्या मिलेगी बड़ी जिम्मेदारी?
अमृत विचार, शाहजहांपुर। पूर्व केंद्रीय मंत्री जितिन प्रसाद मिशन 2022 तक प्रदेश में भाजपा संगठन के लिए काम करेंगे ऐसा माना जा रहा है। वह या तो संगठन में रहेंगे या उन्हें सरकार में जिम्मेदारी मिल सकती है। कांग्रेस छोड़कर भाजपा में आने के बाद शनिवार को उनकी मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से दूसरी बार हुई …
अमृत विचार, शाहजहांपुर। पूर्व केंद्रीय मंत्री जितिन प्रसाद मिशन 2022 तक प्रदेश में भाजपा संगठन के लिए काम करेंगे ऐसा माना जा रहा है। वह या तो संगठन में रहेंगे या उन्हें सरकार में जिम्मेदारी मिल सकती है। कांग्रेस छोड़कर भाजपा में आने के बाद शनिवार को उनकी मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से दूसरी बार हुई मुलाकात के कुछ ऐसे ही मायने निकाले जा रहे हैं।
पिछले सप्ताह जितिन प्रसाद ने कांग्रेस छोड़कर दिल्ली में भाजपा ज्वाइन की थी। इसके बाद उनकी मुलाकात भाजपा के वरिष्ठ नेताओं से हुई थी। इसी दौरान प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ दिल्ली गए हुए थे। दिल्ली में जितिन प्रसाद ने उनसे भी शिष्टाचार भेंट की थी। इसके बाद तमाम चर्चाएं होने लगी थीं।
माना जा रहा था कि जितिन को प्रदेश मंत्रिमंडल में स्थान मिल सकता है। अब शनिवार को भी जितिन प्रसाद की मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से मुलाकात हुई है। एक सप्ताह के भीतर मुख्यमंत्री से दूसरी बार मुलाकात को महत्वपूर्ण माना जा रहा है। राजनीतिक गलियारे में चर्चा है कि जितिन 2022 के विधान सभा चुनावों में भाजपा के लिए ब्राह्मण चेहरा बनेंगे। क्योंकि ब्राह्मणों में कुछ नाराजगी देखी जा रही थी। जितिन के आने से ब्राह्मणों को भाजपा साधने की कोशिश करेगी।
दूसरी तरफ चर्चा यह भी है कि जितिन को कोई जिम्मेदारी मिल सकती है। रिटायर आईएएस एके शर्मा के प्रदेश उपाध्यक्ष बनाए जाने से उनके मंत्रिमंडल में शामिल होने की संभावनाओं पर तो विराम लग गया है। ऐसे में जितिन को प्रदेश मंत्रिमंडल में स्थान मिल सकता है।
समर्थकों को मंत्रिमंडल विस्तार का इंतजार
जितिन समर्थकों को मंत्रिमंडल के विस्तार का इंतजार है। सभी को यह लग रहा है कि हो न हो भाजपा में उन्हें अच्छी जिम्मेदारी मिलेगी। जितिन ब्राह्मण चेहरे के रूप में प्रदेश में पहचान बना चुके हैं। भाजपा इसका फायदा उठाना चाहती है। एक समर्थक का कहना है कि संगठन के साथ ही सरकार में कहीं न कहीं जिम्मेदारी जरूर मिलेगी। क्योंकि उनकी राजनीति निर्विवाद रही है।
लखनऊ जाकर किया जितिन का स्वागत
पूर्व केन्द्रीय मंत्री जितिन प्रसाद के नई दिल्ली में भाजपा की सदस्यता लेने के उपरांत प्रथम बार लखनऊ आगमन पर शाहजहांपुर से सैकड़ों समर्थकों ने कोविड प्रोटोकाल का पालन करते हुए उनका स्वागत किया। इस दौरान प्रमुख रूप विधायक मानवेन्द्र सिंह, अवधेश दीक्षित, कौशल मिश्र, भूपेंद्र सिंह, विनीत मिश्र, विश्वदीप अवस्थी, रोहित सिंह, मनिल बाजपेयी, जगदीश कुशवाह, आलोक प्रताप सिंह,आशीष कुमार सिंह, सुशील शुक्ला, कृपाराम मिश्र, रवि शुक्ल, अमित बाजपेई, प्रमोद मिश्र, शिवनंद कुमार सिंह, कालीशंकर कल्लू पाठक आदि प्रमुख रूप से उपस्थित रहे।
