बरेली: इस बार महाविद्यालय सीधे छात्रों का ले सकेंगे प्रवेश

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

बरेली, अमृत विचार। कोरोना की वजह से इस बार 12वीं में पास होने वाले छात्रों की संख्या अधिक है। ऐसे में स्नातक में प्रवेश के लिए छात्रों को अधिक दौड़-भाग करनी होगी। यही वजह है कि महात्मा ज्योतिबा फुले रुहेलखंड विश्वविद्यालय प्रवेश प्रकिया में भी बदलाव कर सकता है। अधिक से अधिक छात्रों के प्रवेश …

बरेली, अमृत विचार। कोरोना की वजह से इस बार 12वीं में पास होने वाले छात्रों की संख्या अधिक है। ऐसे में स्नातक में प्रवेश के लिए छात्रों को अधिक दौड़-भाग करनी होगी। यही वजह है कि महात्मा ज्योतिबा फुले रुहेलखंड विश्वविद्यालय प्रवेश प्रकिया में भी बदलाव कर सकता है। अधिक से अधिक छात्रों के प्रवेश के लिए महाविद्यालयों को सीधे प्रवेश का मौका दिया जा सकता है, जबकि पहले विश्वविद्यालय की वेबसाइट पर पंजीकरण कराना अनिवार्य होता था।

इस बाध्यता के चलते कई महाविद्यालय छात्रों के प्रवेश आसानी से कर सकेंगे। हालांकि महाविद्यालयों को प्रवेश के बाद विश्वविद्यालय में पंजीकरण कराना अवश्यक होगा और पंजीकरण शुल्क भी जमा करना होगा। जल्द ही नई प्रवेश प्रक्रिया और विश्वविद्यालय परिसर के द्वारा आयोजित होने वाले प्रवेश परीक्षाओं को लेकर प्रवेश समिति निर्णय लेगी।

स्नातक और स्नातकोत्तर प्रथम वर्ष में प्रवेश के लिए छात्रों को विश्वविद्यालय की वेबसाइट के साथ महाविद्यालयों की वेबसाइट पर पंजीकरण कराना आवश्यक होता है। महाविद्यालय में प्रवेश तभी होता है, जब विश्वविद्यालय की वेबसाइट पर पंजीकरण हो जाता है। जिन छात्रों का पंजीकरण नहीं होता है, उनका प्रवेश नहीं होता है। पिछले वर्ष देखा गया कि कई छात्रों का महाविद्यालयों ने प्रवेश ले लिया लेकिन उनका विश्वविद्यालय की वेबसाइट पर पंजीकरण नहीं था। इसकी वजह से छात्र कभी विश्वविद्यालय तो कभी महाविद्यालय में चक्कर लगाते रहे थे।

सबसे ज्यादा परेशानी बरेली के अलावा अन्य जिलों के छात्रों को होती थी। कई बार वह सीधे महाविद्यालय में जाकर प्रवेश ले लेते थे लेकिन विश्वविद्यालय की वेबसाइट पर पंजीकरण नहीं कराते थे। जब वह परीक्षा फार्म भरते थे तो उन्हें दिक्कत होती थी। पिछली बार करीब दो सौ छात्र विश्वविद्यालय की वेबसाइट पर पंजीकरण न होने से परेशान हुए थे। जिसके बाद विश्वविद्यालय के द्वारा महाविद्यालयों को 1500 रुपए विलंब शुल्क जमा कर पंजीकरण कराने के आदेश दिए थे।

नई व्यवस्था के तहत महाविद्यालयों को प्रवेश के बाद एक निर्धारित तिथि दी जाएगी। जिसके तहत वह महाविद्यालय में प्रवेश लेने वाले छात्रों का रिकार्ड विश्वविद्यालय को देंगे और उसके बाद विश्वविद्यालय में छात्रों का पंजीकरण हो जाएगा।

संबंधित समाचार