बरेली: कत्ल कर दूसरे के खेत में फेंक दिया था किशोरी का शव

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

बरेली, अमृत विचार। मामूली विवाद पर किशोरी का कत्ल करने वाले शातिर हत्यारों का भंडाफोर हो गया। हत्यारों ने पकड़े जाने के डर से घटना ही बदल दी थी। उन्होंने किशोरी के कपड़े उतार दिए थे और उसके शव को दूसरे के खेत में फेंक दिया था। पुलिस ने जब तीन संदिग्धों से पूछताछ की …

बरेली, अमृत विचार। मामूली विवाद पर किशोरी का कत्ल करने वाले शातिर हत्यारों का भंडाफोर हो गया। हत्यारों ने पकड़े जाने के डर से घटना ही बदल दी थी। उन्होंने किशोरी के कपड़े उतार दिए थे और उसके शव को दूसरे के खेत में फेंक दिया था। पुलिस ने जब तीन संदिग्धों से पूछताछ की तो सबके बयान अलग अलग आए। सख्ती से पूछताछ में आरोपियों ने अपना जुर्म कबूल कर लिया। इसके बाद पुलिस ने उन्हें गिरफ्तार कर जेल भेज दिया।

बुधवार को एसएसपी रोहित सिंह सजवाण ने  बताया कि 12 जून को शाही के चकदा भगवतीपुर की रहने वाली कक्षा छह की छात्रा शिवानी साइकिल से अपने खेत के लिये निकली थी। जिसके बाद दोपहर तक वह घर नहीं लौटी। परिवार वालों ने तालाश शुरु की तो उन्हे घर से आठ सौ मीटर दूर गांव के ही गोधन के गन्ने के खेत में उसका शव पड़ा मिला था। उसके शरीर से कपड़े उतरे हुये थे। पुलिस को शक रहा कि छात्रा का दुष्कर्म के बाद उसकी हत्या की गई है।

पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराया तो दुष्कर्म की पुष्टि नहीं हुई। उसकी मौत का कारण सिर पर गंभीर चोट लगना आया था। पुलिस ने शक के आधार पर चकदाह भगवतीपुर के रहने वाले वीरेन्द्र, केशव व तेजपाल को पुलिस को हिरासत में लेकर पूछताछ की तो उनके बयान अलग-अलग आ रहे थे। इसके बाद पुलिस ने सख्ती से पूछताछ की तो तीनों ने बताया कि पेड़ की छटाई करते समय शिवानी का उनसे विवाद हो गया था।

इसके बाद वीरेंद्र ने उसके सिर पर दराती से हमला कर दिया। जिससे वह बेसुध हो गयी। उसके बाद तीनों ने उसके सिर पर हमला कर उसकी हत्या कर शव को पड़ोसी के खेत में फेंक दिया था। हत्या का रूप बदलने के लिए किशोरी के कपड़े उतार दिए। ताकि लोगों को लगे की उसके साथ दुष्कर्म हुआ है और उसके बाद उसकी हत्या कर दी गई है। पुलिस ने तीनों आरोपियों को बुधवार को गिरफ्तार करके जेल भेज दिया।

गोधन को फंसाने की बनाई थी योजना
हत्यारों ने किशोरी की हत्या के बाद गोधन को फंसाने के लिये पूरी योजना बनाई थी। जिसमें आरोपियों ने बताया कि मृतका शिवानी की मां को गोधन ने ही कहा था कि वीरेन्द्र अपने खेत में कांट छांट कर रहा है। जाकर देख लो कहीं गन्ने की फसल खराब न हो जाये। इसके कारण ही आरोपियों ने उसे फंसाने की योजना बना ली थी।

अलग-अलग बयानों ने पकड़वाए हत्यारे
पुलिस के मुताबिक इस मामले में तमाम लोगों से पूछताछ की गई थी। जिसमें गोधन भी शामिल था। शिवानी को आखरी बार देखने का दावा भी आरोपी वीरेन्द्र, केशव व तेजपाल ने किया था। आरोपी पुलिस के साथ सहयोग करने का ड्रामा रचकर उन्हें गुमराह करने की कोशिश कर रहे थे। इसके बाद पुलिस टीम ने आखरी बार शिवानी को देखने का दावा करने वाले तीनो आरोपियों से अलग अलग पूछताछ की। जिसमें केशव और तेजपाल के बयान अलग अलग थे। इसके बाद सच सामने आ गया।

संबंधित समाचार