अयोध्या: हादसे में घायल सिपाही व ट्रक चालक की उपचार के दौरान मौत
अयोध्या। थाना रौनाही क्षेत्र के टोल प्लाजा तहसीनपुर से आगे पश्चिम हाइवे पर गुरुवार की देर शाम हुए हादसे में पशु व्यापारी की मौत हो गयी थी जबकि सिपाही और ट्रक चालक घायल हो गये थे। जिनकी उपचार के दौरान शुक्रवार को मौत हो गयी। जानकारी के अनुसार गुरुवार की देर शाम लगभग आठ बजे …
अयोध्या। थाना रौनाही क्षेत्र के टोल प्लाजा तहसीनपुर से आगे पश्चिम हाइवे पर गुरुवार की देर शाम हुए हादसे में पशु व्यापारी की मौत हो गयी थी जबकि सिपाही और ट्रक चालक घायल हो गये थे। जिनकी उपचार के दौरान शुक्रवार को मौत हो गयी। जानकारी के अनुसार गुरुवार की देर शाम लगभग आठ बजे लखनऊ की ओर जा रही टोल प्लाजा से आगे दर्जन भर से ज्यादा मवेशियों से लदी ट्रक को निजी कार से आये एक एसआई व सिपाही ने रोक लिया।
पीछे आये बुलेट व जीप के सिपाहियों ने अपने वाहन सामने खड़े कर ट्रक मवेशियों के मुख्य व्यापारी नूर मोहम्मद (50) निवासी हरदोई, ट्रक चालक रूप नारायन निवासी खलीलाबाद को रौनाही पुलिस के एसआई गजेंद्र खरवार व सिपाही उपेंद्र यादव कुछ अन्य सिपाहियों की मदद से ट्रक के पीछे लाकर तलाशी के लिए दबाव बना रहे थे। तभी पीछे से आ रहे दूसरे ट्रक ने खड़े ट्रक को टक्कर मार दी। दोनों ट्रकों के बीच फंसकर व्यापारी की मौके पर मौत हो गयी।
जबकि गंभीर रूप से घायल ट्रक चालक व सिपाही को इलाज के लिए जिला अस्पताल भेजा गया जहां चालक ने दम तोड़ दिया। सिपाही को लखनऊ रेफर कर दिया गया। शुक्रवार की सुबह थाने के सिपाही उपेंद्र निवासी बलिया की भी इलाज के दौरान मौत हो गयी। उपनिरीक्षक की हालत खतरे से बाहर बतायी गयी है। मवेशियों के व्यापारी मुन्ना, नफीस निवासी लखनऊ आदि आधे दर्जन लोगों ने आरोप लगाया कि ट्रक में लदे सभी मवेशी दुधारू गाय भैंस व इनके बच्चे हैं। पुलिस ने वसूली के लिए यहां आकर ट्रक रोका था। तलाशी के लिए रोकना होता तो टोल पर ही रोक सकती थी।
मौके पर पुलिस ने ट्रक किनारे लगाने तक का अवसर नहीं दिया। इस संबंध में सीओ सदर आरके चतुर्वेदी ने बताया कि पशु तस्करी की सूचना पर पुलिस कार्रवाई करने गयी थी। पकड़ी गई मवेशियों की खड़ी ट्रक को दूसरी ट्रक ने पीछे से टक्कर मार दी। जिसकी चपेट में आकर एक सिपाही व व्यापारी और चालक की मौत हो गयी। वहीं प्रभारी निरीक्षक रौनाही आरके राणा ने बताया कि पकड़ी गई ट्रक में सभी मवेशी दुधारू हैं। इन्हें सुरक्षित रखने के लिए स्थानीय पशु बाजार की सुपुर्दगी में दे दिया गया है। मामले में एक उप-निरीक्षक की तहरीर पर केस दर्ज कर छानबीन की जा रही है।
