लखीमपुर-खीरी: बालिका से दुष्कर्म के बाद हत्या का आरोपी गिरफ्तार
लखीमपुर-खीरी, अमृत विचार। थाना पसगवां क्षेत्र में आठ साल की बालिका की दुष्कर्म के बाद हत्या का खुलासा करते हुए पुलिस ने आरोपी युवक को पकड़ लिया। एसपी के मुताबिक आरोपी गांव का ही एक अपराधी किस्म का युवक निकला। बालिका घर न बता दे, इसलिए उसने दुष्कर्म के बाद गलाघोंट कर हत्या कर दी …
लखीमपुर-खीरी, अमृत विचार। थाना पसगवां क्षेत्र में आठ साल की बालिका की दुष्कर्म के बाद हत्या का खुलासा करते हुए पुलिस ने आरोपी युवक को पकड़ लिया। एसपी के मुताबिक आरोपी गांव का ही एक अपराधी किस्म का युवक निकला। बालिका घर न बता दे, इसलिए उसने दुष्कर्म के बाद गलाघोंट कर हत्या कर दी थी। पुलिस ने आरोपी को जेल भेज दिया है।
पुलिस लाइन सभागार में एसपी विजय ढुल ने घटना का खुलासा करते हुए बताया कि 20 जून को गांव की आठ वर्षीय बालिका बकरियां चराने खेतों की ओर गयी थी। उसके बाद वह घर वापस नहीं पहुचीं। बालिका का शव उसी दिन देर शाम घर से करीब तीन सौ मीटर दूर गन्ने खेत में बरामद हुआ था। एएसपी अरुण कुमार सिंह व सीओ मोहम्मदी के नेतृत्व में घटना के खुलासे के लिए पांच टीमें गठित कर लगाई गईं। इसके अलावा क्राइम ब्रांच की स्वाट टीम को भी लगी थी।
एसपी ने बताया कि विवेचना के दौरान यह बात प्रकाश में आई कि बालिका की मां घर पर अकेली थी। दादी ने उसे शाम करीब पांच बजे यह कहकर घर भेज दिया कि वह घरेलू काम में मां का हाथ बंटा ले। साथ ही इस बात की पुलिस को जानकारी मिली कि बालिका जिस चकमार्ग से घर लौट रही थी। उस चकमार्ग पर गांव का एक शातिर अपराधी देखे जाने की जानकारी मिली थी। इस पर पुलिस ने जांच तेज कर आरोपी नरेंद्र को हिरासत में ले लिया और उससे पूछताछ की।
कडाई से पूछताछ करने पर आरोपी टूट गया और जुर्म इकबाल कर लिया। एसपी ने बताया कि आरोपी ने पुलिस को बताया कि वह बालिका को अक्सर टॉफी दिया करता था। घटना के दिन वह घास छील रहा था। बालिका जब पास से निकली तो वह उसे गन्ने के खेत में उठा ले गया और दुष्कर्म किया। बालिका द्वारा घटना घर वालों को बताने की आशंका पर उसने उसी की सलवार से गला घोंटकर हत्या कर दी। एसपी ने घटना का खुलासा करने वाली टीम को 25 हजार रुपये का नगद पुरुस्कार दिया है।
एसपी विजय ढुल ने बताया कि आरोपी के खिलाफ थाना पसगवां पर हत्या के दो, आबकारी अधिनियम का एक मुकदमा दर्ज है। वर्ष 2017 में पुलिस ने उसके खिलाफ गुंडा एक्ट के तहत कार्रवाई की थी। एसपी ने बताया कि यह ब्लाइंड मर्डर था। इस लिए यह घटना पुलिस के लिए बड़ी चुनौती थी। पुलिस की टीमों ने गांव और आस पास के गांव से करीब 50 संदिग्ध लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ की थी। इस दौरान मिले अहम सुराग से ही घटना का खुलासा हो सका।
