मुरादाबाद: सड़क हादसे ने छीनीं दो जिंदगियां, बेटे के बाद मां ने भी तोड़ा दम
अमृत विचार, मुरादाबाद। शुक्रवार शाम सड़क हादसे में घायल हुई महिला की शनिवार को मौत हो गई। परिजन बेहतर उपचार के लिए उसे मेरठ ले जा रहे थे कि रास्ते में ही उसने दम तोड़ दिया। महिला के बेटे की शुक्रवार देर रात एक निजी अस्पताल में मौत हो गई थी। गौरतलब है कि हजरनगर …
अमृत विचार, मुरादाबाद। शुक्रवार शाम सड़क हादसे में घायल हुई महिला की शनिवार को मौत हो गई। परिजन बेहतर उपचार के लिए उसे मेरठ ले जा रहे थे कि रास्ते में ही उसने दम तोड़ दिया। महिला के बेटे की शुक्रवार देर रात एक निजी अस्पताल में मौत हो गई थी।
गौरतलब है कि हजरनगर गढ़ी थानाक्षेत्र के गांव बरखेड़ा निवासी 20 वर्षीय राहुल शुक्रवार को अपनी मां 40 वर्षीया उर्मिला की दवाई लेकर घर लौट रहा था। बिलारी रोड पर कर्बला के पास उसकी बाइक को तेज रफ्तार कार ने सामने से टक्कर मार दी थी। हादसे के बाद चालक कार छोड़कर फरार हो गया था।
हादसे की सूचना पर पहुंची पुलिस घायल मां-बेटे को उपचार के लिए संभल ले गई थी। वहां से दोनों को मुरादाबाद जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया था। उपचार के दौरान राहुल ने शुक्रवार शाम साढ़े पांच बजे दम तोड़ दिया था। उसकी मां का जिला अस्पताल में ही उपचार चल रहा था।
हालत गंभीर होने पर शनिवार को परिजन उर्मिला को बेहतर उपचार के लिए मेरठ ले जा रहे थे। पाकबड़ा में ही उनकी सांसों की डोर टूट गई। सिविल लाइंस पुलिस ने मां-बेटे के शव को मोर्चरी में रखवा दिया है। मां-बेटे की मौत से परिवार में कोहराम मचा है।
उर्मिला के भाई विनोद ने बताया कि राहुल का विवाह एक महीने पूर्व ही संतरेश के साथ ही हुआ था। राहुल के छोटे भाई बहनों कुसुम, गुंजन, अंशु और गब्बर तथा पिता रतिराम का रो-रोकर बुरा हाल है।
