मुरादाबाद : व्यापारी हत्याकांड में फरार चल रहे आरोपी ने किया सरेंडर, दो पहले ही जा चुके हैं जेल

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

मुरादाबाद, अमृत विचार। कर्ज न देने पर व्यापारी का अपहरण कर हत्या करने के मामले में फरार चल रहे आरोपी ने कोर्ट में सरेंडर कर दिया, जहां से उसे जेल भेज दिया है। पुलिस मास्टरमाइंड समेत दो आरोपियों को पहले ही गिरफ्तार कर जेल भेज चुकी है। मामला पाकबड़ा थाना क्षेत्र का है। यहं पर …

मुरादाबाद, अमृत विचार। कर्ज न देने पर व्यापारी का अपहरण कर हत्या करने के मामले में फरार चल रहे आरोपी ने कोर्ट में सरेंडर कर दिया, जहां से उसे जेल भेज दिया है। पुलिस मास्टरमाइंड समेत दो आरोपियों को पहले ही गिरफ्तार कर जेल भेज चुकी है। मामला पाकबड़ा थाना क्षेत्र का है। यहं पर रहने वाले संजीव गुप्ता ने अपने छोटे भाई कुलदीप गुप्ता की थाने में गुमशुदगी दर्ज कराई थी।

उनका कहना था कि वह स्पेयर पार्ट्स कारोबारी था और घटना के दिन नौकर से किसी बीमार को देखने जाने की बात कहकर निकला था। गुमशुदगी दर्ज होने के बाद उसका शव बिजनौर जनपद के थाना स्योहारा क्षेत्र में मिला था। शिनाख्त करने के बाद पुलिस ने परिजनों को सूचना दी तो कोहराम मच गया था। मामला हत्या में तरमीम करने के बाद पुलिस खुलासे में जुट गई थी।

पुलिस ने मझोला थाना क्षेत्र के लाइनपार चाऊ की बस्ती निवासी नंद किशोर उर्फ नंदू और सिविल लाइंस थाना क्षेत्र के ग्राम काजीपुरा निवासी कर्मवीर उर्फ भोलू को गिरफ्तार कर लिया था। पूछताछ में नंदू ने बताया कि एक वैवाहिक कार्यक्रम में उसकी कुलदीप से मुलाकात हुई थी। बाद में घनिष्ठता बढ़ी, लाकडाउन में काम मंदा होने के कारण वह कर्ज में डूब गया। इससे बचने के लिए उसने कुलदीप से 65 हजार रुपये उधार मांगे, जिस पर कुलदीप ने इंकार कर दिया तो वह खुन्नस मानने लगा।

पुलिस के अनुसार कार खरीदवाने के बहाने दोनों तीसरे साथी रनवीर उर्फ नन्हें के साथ कुलदीप को अपने साथ ले गए। उसे बंधक बनाने के बाद उसकी पत्नी से घर में रखे चार लाख रुपये मंगवाए। रुपये मिलने के बाद उन्होंने कुलदीप की हत्या कर शव बिजनौर क्षेत्र में फेंक दिया था। दो आरोपियों की गिरफ्तारी के बाद पुलिस फरार चल रहे रनवीर की तलाश में जुट गई। दबिश पड़ने पर मौका पाकर रनवीर ने अधिवक्ता के माध्यम से कोर्ट में सरेंडर कर दिया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया।

संबंधित समाचार