बरेली: पुलिस ने नहीं सुनी तो खुद ही गोली मार दी

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

बिथरी चैनपुर, अमृत विचार। ट्राली चोरी के मामले में दो महीने बाद भी पुलिस ने जब कार्रवाई नहीं की तो युवक ने गुस्से में आकर चोरी का आरोप लगाते हुए दूसरे युवक के पैर में गोली मार दी। गोली लगने के बाद जब घायल को बचाने के लिए लोग आए तो युवक के भाई ने …

बिथरी चैनपुर, अमृत विचार। ट्राली चोरी के मामले में दो महीने बाद भी पुलिस ने जब कार्रवाई नहीं की तो युवक ने गुस्से में आकर चोरी का आरोप लगाते हुए दूसरे युवक के पैर में गोली मार दी। गोली लगने के बाद जब घायल को बचाने के लिए लोग आए तो युवक के भाई ने उनपर फाबड़े से हमला कर दिया। इस घटना में तीन लोग घायल हो गए हैं। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली है। आरोपी घर छोड़कर भाग गया है।

भगौतीपुर राजाराम गांव में एक माह पहले सेठपाल की ट्राली चोरी हो गयी थी। जिसका आरोप सेठपाल ने गांव के ही प्रमोद पर लगाते हुए थाने में तहरीर दी थी लेकिन पुलिस ने कोई कार्रवाई नहीं की। इसी बात को लेकर शनिवार दोपहर प्रमोद व सेठपाल मे झगड़ा हो गया। सेठपाल ने इसकी जानकारी परिजनों को दी। इसके बाद जब प्रमोद घर लौट रहा था तभी सेठपाल के भाई जगपाल ने प्रमोद पर फायर कर दिया। गोली प्रमोद के दाहिने पैर में लगी। गोली की आवाज सुनकर गांव में हड़कंप मच गया।

इस दौरान तमाम लोगों की भीड़ जुट गई। घायल को बचाने आए ओमपाल के सिर पर सेठपाल के दूसरे भाई नंदन ने फावड़ा मार दिया। जिससे दोनों घायल हो गए। इस बीच प्रमोद की मां रामश्री बचाने पहुंची। सेठपाल के तीसरे भाई नेत्रपाल ने डंडा मार दिया। तीनों गंभीर रूप से घायल हो गए। सूचना पर इंस्पेक्टर मनोज त्यागी फोर्स के साथ पहुंच गए। पुलिस ने घायलों को इलाज के लिए भर्ती करवा दिया। इंस्पेक्टर मनोज कुमार त्यागी ने बताया कि आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली गई हैं। आरोपियों की तलाश की जा रही है।

संबंधित समाचार