मुरादाबाद: 22 जून से फुंका मेन ट्रांसफॉर्मर, जनता परेशान, अधिकारी बेखबर
मुरादाबाद,अमृत विचार। आवास विकास बिजली घर से जुड़ी बस्तियों के लोग एक सप्ताह से बिजली की किल्लत से जूझ रहे हैं। बार-बार की ट्रिपिंग ने भीषण गर्मी में लोगों की हालत खराब कर दी है। हद यह कि अधिकारी-कर्मचारी परेशान हाल जनता की बात तक सुनने को तैयार नहीं हैं। यही नहीं इसको लेकर उच्च …
मुरादाबाद,अमृत विचार। आवास विकास बिजली घर से जुड़ी बस्तियों के लोग एक सप्ताह से बिजली की किल्लत से जूझ रहे हैं। बार-बार की ट्रिपिंग ने भीषण गर्मी में लोगों की हालत खराब कर दी है। हद यह कि अधिकारी-कर्मचारी परेशान हाल जनता की बात तक सुनने को तैयार नहीं हैं।
यही नहीं इसको लेकर उच्च अधिकारियों को भी नहीं बताया गया। ऐसे में जब लोगों ने बिजली घर जाकर आक्रोश जताया तो सही बात सामने आई पता चला कि बिजलीघर का मुख्य ट्रांसफॉर्मर सप्ताह भर से फुंका पड़ा है। उसे आने में तीन से चार दिन लग सकते हैं। विभागीय लोगों की इस गैर जिम्मेदाराना हरकत से लोगों में आक्रोश है।
जून माह में पड़ रही भीषण गर्मी ने नगरवासियों को काफी परेशान कर रखा है। मंगलवार को 41 डिग्री तापमान में तो नगरचासियों की हालत ही खराब हो गई। ऐसे में आशियाना फेज वन और टू, नवीननगर, रामगंगा विहार, हिमगिरी, हरथला, आवास विकास, गौर ग्रेशियस सहित नगरीय क्षेत्र की पॉश कॉलोनियों के लोग कई दिनों से बिजली का संकट झेल रहे हैं। यहां औसतन 15 घंटे बिजली मिल रही है।
हालत यह है कि दिन हो या रात लगातार ट्रिपिंग जारी है। लगातार एक घंटा भी आपूर्ति नहीं मिल पा रही है। एक बार जाकर आपूर्ति कब दोबारा चालू होगी, इसका कुछ पता नहीं होता। दिन तो जैसे तैसे कट जाता है। लेकिन, रात की यह ट्रिपिंग बहुत भारी पड़ती है। सोते समय अचानक आपूर्ति ठप होने से लोगों की नींद में खलल पड़ जाता है। ऐसे में रात को लोग घरों से निकल कर कॉलोनी की सड़कों पर आकर टहलने को मजबूर हो जाते हैं।
सात दिनों से लगातार चल रही इस समस्या से लोग परेशान हो चुके हैं। इस दौरान उपभोक्ताओं को सही बात भी विभाग द्वारा नहीं बताई जा रही थी। पहले उपकरणों के खराब होने की बात कर्मचारी कर रहे थे। थोड़ी-थोड़ी देर की आपूर्ति रोकी जा रही थी। इसकी जानकारी उच्चाधिकारियों को देना भी उन्होंने मुनासिब नहीं समझा। सोमवार को देर शाम आपूर्ति को लेकर लोगों ने शोर मचाया और बिजली घर पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई तो अधिकारी हरकत में आए।
तब जाकर 22 जून से मेन ट्रांसफॉर्मर खराब होने की बात सामने आई। आशियाना कालोनी की प्रेमलता ठाकुर, हिमगिरी निवासी सुनील शर्मा, हरथला के फहीम आशियाना फेज वन विष्णु पार्क क्षेत्र के रहने वाले डॉ. रवि कुमार का कहना है कि गर्मी में ऐसी कटौती से लोगों का बुरा हाल है। पहले मौसम सामान्य रहने की वजह से इन्वर्टर से काम चल जाता था। अब बिजली गुल रहने से पानी का संकट खड़ा हो जा रहा है। हर घंटे बिजली गुल होने से लोगों में गुस्सा बढ़ता जा रहा है।
कभी जंपर तो कभी स्पाउट में खराबी की करते रहे बात
परेशानी झेल रहे लोगों द्वारा कॉल करने पर बिजली घर पर तैनात कर्मचारी पहले तो फोन ही नहीं उठाते। उठाया भी तो कभी जंपर तो कभी स्पाउट खराब होने की बात कहकर लोगों को शांत करते रहे। इस दौरान मेन समस्या की जानकारी न जनता को दी गई, न ही उच्च अधिकारियों को। जब लोगों के सब्र का बांध टूटा और उन्होंने बिजलीघर पर जाकर शिकायत दर्ज कराई, तब जाकर बताया गया कि बिजली घर का मुख्य ट्रांसफॉर्मर ही फुंक गया है। इसके आने में तीन से चार दिन लग सकते हैं।
मुख्य अभियंता संजय आनंद जैन ने बताया कि सोमवार को देर शाम बिजली घर के सहायक अभियंता दिनेश कुमार ने बिजली घर की समस्या के विषय में जानकारी दी। वहां कई दिनों से मुख्य ट्रांसफार्मर जला पड़ा है। अभी दो से तीन दिन का समय लगेगा। उसके बाद आपूर्ति सुचारु हो पाएगी। नया ट्रांसफार्मर स्वीकृत करा दिया गया है। मेरठ से उसे यहां आने और आपूर्ति शुरू होने में तीन दिन लग सकता है।
सहायक अभियंता दिनेश कुमार ने कहा कि बिजली घर में पहले अंदरूनी दिक्कत थी, उसे ठीक करने का प्रयास किया गया। 22 जून से ही यह समस्या है। क्षेत्र के मोहल्लों में लोगों को पर्याप्त बिजली नहीं मिल पा रही है। इस बात का प्रयास हो रहा है कि 20 घंटे आपूर्ति बहाल रहे। दूसरे फीडरों की मदद ली जा रही है। प्रकरण की जानकारी पहले स्थानीय स्तर पर उच्चधिकारियों को दी गई थी।
