बरेली: आज से घर-घर खोजे जाएंगे क्षय रोगी

Amrit Vichar Network
Published By Amrit Vichar
On

बरेली, अमृत विचार। टीबी रोगियों की खोज के लिए 12 से 25 जुलाई तक जिले में दस्तक अभियान चलाया जाएगा। इसके तहत आशा और आंगनबाड़ी कार्यकर्ता घर-घर जाकर मरीजों का पता लगाएंगी। रोगी की जानकारी देने पर आशा और आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं को 500 रुपये की प्रोत्साहन राशि दी जाएगी। साथ ही मरीजों को भी 500 …

बरेली, अमृत विचार। टीबी रोगियों की खोज के लिए 12 से 25 जुलाई तक जिले में दस्तक अभियान चलाया जाएगा। इसके तहत आशा और आंगनबाड़ी कार्यकर्ता घर-घर जाकर मरीजों का पता लगाएंगी। रोगी की जानकारी देने पर आशा और आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं को 500 रुपये की प्रोत्साहन राशि दी जाएगी। साथ ही मरीजों को भी 500 रुपये पोषण के लिए मिलेंगे।

अभी तक जिले में एक से 31 जुलाई तक विशेष संचारी रोग नियंत्रण अभियान चलाया जाता है। इसके बीच में अब 12 से 25 जुलाई तक दस्तक अभियान चलेगा। अभियान में घर-घर टीबी मरीजों की खोज के लिए आशा और आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं की टीम बनाई गई है। ये घर-घर जाकर टीबी रोगियों के नाम दर्ज करने के साथ बुखार और कुपोषित बच्चों की भी सूची बनाएंगी। संभावित टीबी मरीजों की जांच कराई जाएगी।

जिले में अब तक 4215 टीबी मरीजों का इलाज चल रहा है। केंद्र सरकार ने वर्ष 2025 तक क्षय रोग उन्मूलन का संकल्प लिया है। जिला क्षय रोग अधिकारी डा. केसी जोशी ने बताया कि दस्तक अभियान में आशा व आंगनबाड़ी कार्यकर्ता (फ्रंट लाइन वर्कर्स) मुख्य जिम्मेदारी निभाएंगी। दस्तक अभियान संचारी रोग नियंत्रण कार्यक्रम का एक हिस्सा है, जिसके तहत प्रशिक्षित फ्रंट लाइन वर्कर्स घर-घर भ्रमण कर विभिन्न रोगों के नियंत्रण व उपचार की जानकारी प्रदान करने के लिए प्रचार-प्रसार एवं व्यवहार परिर्वतन गतिविधियां संचालित करेंगे।

आशा व आंगनबाड़ी कार्यकर्ता इस अभियान के तहत कुपोषित बच्चों तथा विभिन्न रोगों के लक्षण वाले व्यक्तियों का चिन्हीकरण कर सूचीबद्ध करेंगी। उन्हें मुख्य रूप से पांच बिंदुओं बुखार, इंफ्लुएंजा लाइक इलनेस (आईएलआई) टीबी, कुपोषण और दिव्यांगता पर जोर देना है।

आशा घर-घर पूछेंगी ये सवाल
अभियान के तहत ड्यूटी में लगाई गई आशा व आंगनबाड़ी कार्यकर्ता को लोगों से कुछ सवाल करने के दिशा निर्देश दिए गए हैं जब ये लोगों के घर पहुंचेंगी तो उनसे सवाल करेंगी कि क्या परिवार में किसी सदस्य को बुखार है। क्या परिवार में किसी सदस्य को दो सप्ताह से खांसी या सांस लेने में परेशानी हो रही है। क्या परिवार में किसी को दो सप्ताह से अधिक समय से खांसी आ रही है। वजन कम हो रहा है या बलगम में खून आ रहा है। क्या परिवार में कोई ऐसा व्यक्ति है जिसे फाइलेरिया की बीमारी से विकृति- दिव्यांगता हुई हो। क्या परिवार में किसी बच्चे के स्वास्थ्य का स्तर सामान्य से कम है।

संबंधित समाचार