बरेली: पुलिस टीम पर हमला करने वाले 15 लोगों पर रिपोर्ट दर्ज
बरेली, अमृत विचार। दहेज अधिनियम और छेड़खानी की जांच करने के लिए गई पुलिस टीम पर हमला करने के मामले में पुलिस ने महिला के पति समेत घर में मौजूद 15 लोगों पर रिपोर्ट दर्ज कर ली है। उन लोगों ने पुलिस की वर्दी फाड़ दी और सितारे नोच लिए। इसके बाद महिला दरोगा को …
बरेली, अमृत विचार। दहेज अधिनियम और छेड़खानी की जांच करने के लिए गई पुलिस टीम पर हमला करने के मामले में पुलिस ने महिला के पति समेत घर में मौजूद 15 लोगों पर रिपोर्ट दर्ज कर ली है। उन लोगों ने पुलिस की वर्दी फाड़ दी और सितारे नोच लिए। इसके बाद महिला दरोगा को भी पीटा।
नकटिया की रहने वाली युवती की शादी 11 जुलाई 2016 को राधेश्याम इनक्लेब निवासी युवक से हुई थी। शादी के बाद से ससुराल वाले विवाहिता पर दहेज का दबाव बना रहे थे। इसके चलते प्रताड़ित किया जाता था। सास और पति उसके साथ मारपीट करते थे। देवर भी भाभी को अकेला देखकर कई बार बुरी नियत से हाथ पकड़ चुका है।
महिला ने जब यह बात परिवार को बताई तो उसे चुप रहने की सलाह दी। इसके बाद ससुरालियों ने महिला से उसका तीन साल का बेटा छीनकर ससुराल से निकाल दिया। साथ ही ससुरालियों ने कहा कि दो लाख रुपये लेकर नहीं आएगी तो घर में नहीं रहने दिया जाएगा।
महिला की शिकायत पर श्यामगंज चौकी इंचार्ज अजय कुमार शुक्ला, अजय शर्मा, महिला दरोगा रंजनी चौधरी और सिपाही जांच के लिए राधेश्याम इनक्लेब पहुंचे। इस दौरान महिला के पति और देवर के साथ घर में मौजूद 12-15 अज्ञात लोगों ने पुलिस से मारपीट कर महिला दरोगा की वर्दी फाड़ दी और पुलिसकर्मियों को वहां से खदेड़ दिया। देर रात पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर दो लोगों को हिरासत में लिया।
एसएसपी रोहित सिंह सजावाण ने बताया कि राधेश्याम इनक्लेब में दबंगों ने पुलिस के साथ मारपीट की है। उनके खिलाफ कार्रवाई करते हुए रिपोर्ट दर्ज की गई है। अज्ञात हमलावरों की तलाश की जा रही है।
