बरेली: आवास विकास कॉलोनी के कई घरों में बदमाशों ने की तांका-झांकी
बरेली, अमृत विचार। आवास विकास कॉलोनी सिविल लाइंस में रात को रेकी करने वाले बदमाशों ने कई घरों में तांका-झांकी की है। कॉलोनी के कई घरों में लगे सीसीटीवी कैमरों में संदिग्ध बदमाश कैद हुए हैं। उनके चेहरों पर मास्क लगा है और वह बैखौफ होकर पॉश कॉलोनी में घूम रहे हैं। स्थानीय लोग डरे …
बरेली, अमृत विचार। आवास विकास कॉलोनी सिविल लाइंस में रात को रेकी करने वाले बदमाशों ने कई घरों में तांका-झांकी की है। कॉलोनी के कई घरों में लगे सीसीटीवी कैमरों में संदिग्ध बदमाश कैद हुए हैं। उनके चेहरों पर मास्क लगा है और वह बैखौफ होकर पॉश कॉलोनी में घूम रहे हैं। स्थानीय लोग डरे हुए हैं। लोगों का कहना है कि कॉलोनी में अधिकतर व्यापारी और वरिष्ठ नागरिक रहते हैं। कोई बड़ी घटना न हो, इसके लिए पुलिस को रात में गश्त बढ़ा देनी चाहिए। कोतवाली पुलिस ने बुधवार शाम को कॉलोनी में पहुंचकर सीसीटीवी फुटेज देखी।
आवास विकास कॉलोनी में कुछ दिनों से संदिग्ध लोग आकर घरों की रेकी कर रहे हैं। वह रात में 1 बजे आते हैं और सुबह चार पांच बजे तक वहां टहलते हैं। पुलिस के आने पर वह लोग खाली प्लॉट में छिप जाते हैं। कॉलोनी के लोगों ने जब अपने यहां लगे सीसीटीवी चेक किए तो संदिग्ध लोग कॉलोनी के घरों में घुसकर तांका-झांकी करते तक नजर आए।
संदिग्ध काली स्कॉर्पियों से आते हैं। बदमाशों के इस तरह से घूमने के कारण वहां रहने वाले लोग घबराए हुए हैं। कुछ लोगों ने बताया कि उनके यहां सीसीटीवी कैमरा नहीं लगा है। जल्द ही वह अपने अपने घरों के बाहर सुरक्षा के लिए सीसीटीवी लगवाएंगे। शुरुआत में पुलिस को वहां के एक गार्ड ने बताया कि दूसरी कॉलोनी के युवक आ रहे हैं और दीवार कूदकर जाते हैं लेकिन चेहरे ढके होने से पुलिस को शक हुआ।
बुधवार को कोतवाली पुलिस कॉलोनी में पहुंची और एक घर में लगे सीसीटीवी कैमरों को देखा, जिसमें युवक नजर आ रहे हैं। इसके साथ ही कॉलोनी के लोगों से बातचीत भी की। पुलिस संदिग्धों की तलाश कर रही है। रात में सादा वर्दी में भी पुलिसकर्मी निगरानी के लिए लगाए गए हैं।
सूचना पर पूरी रात घूमी पुलिस
बदमाशों की जानकारी के बाद कोतवाली पुलिस और डायल 112 ने मंगलवार को पूरी रात कॉलोनी में गश्त की। हालांकि, रात तक पुलिस को कोई संदिग्ध वहां पर नजर नहीं आया। लोगों का कहना है यदि इसी तरह पुलिस रोजाना गश्त करे तो आरोपी घटना को अंजाम नहीं दे पाएंगे।

वरिष्ठ सीए के बगीचे में घुसा था बदमाश
आवास विकास कॉलोनी निवासी विशाल अरोड़ा वरिष्ठ सीए हैं। उनकी पत्नी स्वाती अरोड़ा ने बताया कि बदमाश कॉलोनी के लगभग रोज ही चक्कर काटते हैं। एक बदमाश हमारे घर के मुख्य दरवाजे को कूदकर बगीचे तक आया था। वह मुंह को ढंके था। इसलिए उसका चेहरा पहचान में नहीं आ रहा है। एक बार सीसीटीवी में आने के बाद लगभग एक घंटे तक आरोपी गायब रहते हैं। इस बीच वह लोग क्या करते हैं, इस बारे में किसी को कोई जानकारी नहीं है।
कॉलोनी में असुरक्षा से घबराए कॉलोनी वाले
कॉलोनी असुरक्षित हो गई है। यहां पर संदिग्ध बदमाश लगातार घूम रहे हैं। वह लोग कभी भी कोई अप्रिय घटना कर सकते हैं। लिहाजा, कॉलोनी में सुरक्षा व्यास्था चौकस की जाए। -अनिल खंडेलवाल
कॉलोनी एक समय पर सुरक्षित थी लेकिन अब संदिग्धों के आने-जाने से यहां की सुरक्षा में सेंध लगी है। पुलिस कॉलोनी में पेट्रोलिंग बढ़ाए। इसके बिना कॉलोनी को सुरक्षित रख पाना मुश्किल है। -सुचित्रा गुहा
आवास विकास कॉलोनी में संदिग्ध हरकतें हो रही हैं। लोग काली कार से यहां घूमकर रेकी कर रहे हैं। इसके पीछे उनका इरादा नेक नहीं लग रहा है। रात एक बजे से सुबह चार बजे तक आरोपी वहां पर घूमते हैं। बंद मकान को भी यहां पर बदमाश निशाना बना सकते हैं। -इद्रजीत उर्फ रानी खेरा
आवास विकास कालोनी से चंद कदम की दूरी पुलिस के बड़े अधिकारियों के दफ्तर हैं। पहले पुलिस देर रात तक गश्त करती थी, उस वक्त चोरी की घटनाएं नाममात्र थी। अब बदमाश पिछले दस दिन से कोठियों की रेकी कर रहे हैं। रात में तीन-तीन घंटे कालोनी में घूमते हैं। बदमाशों की फुटेज भी एक व्यापारी के यहां लगे सीसीटीवी में कैद हुई जिसे पुलिस को सौंप दिया गया है। किसी दिन बड़ी अनहोने की आंशका है इसलिए पुलिस को नियमित तरीके से गश्त बढ़ानी होगी। -आरपी आर्या, उद्यमी
सादे कपड़ों में पुलिसकर्मियों को करेंगे तैनात
एसएसपी रोहित सिंह सजवाण ने बताया कि पुलिस को अलर्ट रहने के लिए कहा गया है। इसके साथ ही वरिष्ठ नागरिकों की जिम्मेदारी भी पुलिस की है। नजर रखने के लिए वहां पर सादे कपड़ों में भी पुलिसकर्मियों को तैनात किया जाएगा।
