लखीमपुर खीरी: सपाइयों ने किया जोरदार प्रदर्शन, पुलिस से हुई धक्का-मुक्की

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

लखीमपुर खीरी, अमृत विचार। किसानों और महंगाई के मुद्दे को लेकर सपाइयों ने जिला मुख्यालय व सभी तहसीलों में जोरदार प्रदर्शन कर प्रशासन को अपनी ताकत का एहसास कराया। विलोबी गेट पर पुलिस और प्रदर्शनकारियों में करीब पौन घंटे तक दोनों के बीच जमकर धक्का-मुक्की होती रही। हालांकि इसी बीच जिलाध्यक्ष समेत कई कार्यकर्ता बेरिकेडिंग …

लखीमपुर खीरी, अमृत विचार। किसानों और महंगाई के मुद्दे को लेकर सपाइयों ने जिला मुख्यालय व सभी तहसीलों में जोरदार प्रदर्शन कर प्रशासन को अपनी ताकत का एहसास कराया। विलोबी गेट पर पुलिस और प्रदर्शनकारियों में करीब पौन घंटे तक दोनों के बीच जमकर धक्का-मुक्की होती रही। हालांकि इसी बीच जिलाध्यक्ष समेत कई कार्यकर्ता बेरिकेडिंग तोडकर सड़क पर पहुंच गए और जाम लगाकर प्रदर्शन करने लगे। बाद में एसडीएम को ज्ञापन दिया।

सुबह से ही जुट गए सपाई

सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव के धरना प्रदर्शन के आह्वान पर गुरुवार को सुबह से ही सपा कार्यकर्ता विलोबी मैदान में जुटने लगे थे। पूर्व निर्धारित कार्यक्रम होने के कारण पुलिस और प्रशासनिक अफसर भी सतर्क रहे। विलोबी मैदान को छावनी में तब्दील कर दिया गया था। एसडीएम सदर अरुण कुमार सिंह और सीओ सिटी अरविंद वर्मा ने कानून व्यवस्था की कमान संभाल रखी थी।

बड़ी संख्या में तैनात थी पुलिस

सपा कार्यकर्ता विलोबी गेट के बाहर न निकल पाएं इसको लेकर थाना खीरी और फरधान पुलिस के साथ ही बड़ी संख्या में अन्य थानों की भी पुलिस तैनात की गई थी। साथ ही मोबाइल बैरियर लगाकर रास्ते को बंद कर दिया गया था। सभा के बाद जब कार्यकर्ताओं ने बैलगाड़ी के साथ तहसील के लिए कूच किया तो पुलिस ने उन्हें रोक लिया। इससे कार्यकर्ता आक्रोशित हो उठे और जबरन जाने की कोशिश की। पुलिस के समझाने पर पहले तो उनकी तीखी नोकझोंक हुई।

पौन घंटे तक होती रही धक्का-मुक्की

बाद में धक्का मुक्की होने लगी। धक्का मुक्की के दौरान अगली पंक्ति में खड़ी कई महिला पुलिसकर्मी दब गईं। उन्होंने किसी तरह भीड़ से बाहर निकलकर खुद को सुरक्षित किया। पुलिस और कार्यकर्ताओं के बीच करीब पौन घंटे तक धक्का मुक्की होती रही। इसी बीच मौका पाकर जिलाध्यक्ष रामपाल यादव सहित कई कार्यकर्ता बेरिकेडिंग तोड़कर बाहर आ गए और सड़क जाम कर प्रदर्शन करने लगे। इसके बाद एसडीएम के आदेश पर बेरिकेडिंग हटा दी गयी।

भाजपा पर जुबानी हमला

कार्यकर्ताओं ने कंपनी बाग तिराहा के पास पहुंचकर एसडीएम सदर को ज्ञापन सौंपा। सपा जिलाध्यक्ष रामपाल यादव ने कहा कि त्रिस्तरीय पंचायत चुनावों में जिला पंचायत अध्यक्षों एवं ब्लाक प्रमुखों के चुनाव में जो गुण्डागर्दी और लोकतंत्र की हत्या भाजपा राज में हुई है, उसकी कोई कल्पना नहीं थी।

यह लोग रहे मौजूद

पूर्व जिलाध्यक्ष मोहम्मद कयूम खां, रामसरन, अमित वर्मा, रियाजुल्ला खां, भूपेन्द्र सिंह, हरजीत सिंह, इसरार अहमद, अभय सिंह बन्टी, फैसल खान, तृप्ति अवस्थी, पारूल गुप्ता, अंजली सिंह, पूनम यादव आदि ने भी सम्बोधित किया। प्रदर्शन में अशोक वर्मा, प्रवीण भार्गव, नियामत, विनय मिश्रा, संदीप यादव, जितेन्द्र यादव, शखावत अली, मोनू अहमद, मोहम्मद शाबान, आमिर महलूद, रमाकान्त वर्मा, पिंकी सक्सेना, रविकान्त वर्मा, सुभाष कश्यप, धर्मेन्द्र राजवंसी, विक्रम प्रधान, रामरतन, अविनाश चौधरी, भरत लाल कश्यप, दीपू तिवारी, सुरेश वर्मा, यशमोहन, फूल सिंह यादव, विजय वर्मा, गयाप्रसाद, आसाम, खुर्शीद आलम, शब्बीर आलम, जमीर खां, इमरान रजा सहित तमाम लोग मौजूद रहे।

संबंधित समाचार