पीलीभीत: आस्ट्रेलिया भेजने के नाम पर युवक से लाखों की ठगी

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

पूरनपुर (पीलीभीत), अमृत विचार। ऑस्ट्रेलिया भेजने के नाम पर युवक से लाखों रुपये ऐंठ लिए। फर्जी कागजात बनवाकर विदेश जाने के लिए युवक पर तीन साल का प्रतिबंध लग गया। रुपये वापस मांगने पर गाली-गलौज और जान से मारने की धमकी दी। पीड़ित ने दो लोगों के खिलाफ पुलिस को तहरीर दी है। जिला ऊधमसिंह …

पूरनपुर (पीलीभीत), अमृत विचार। ऑस्ट्रेलिया भेजने के नाम पर युवक से लाखों रुपये ऐंठ लिए। फर्जी कागजात बनवाकर विदेश जाने के लिए युवक पर तीन साल का प्रतिबंध लग गया। रुपये वापस मांगने पर गाली-गलौज और जान से मारने की धमकी दी। पीड़ित ने दो लोगों के खिलाफ पुलिस को तहरीर दी है।

जिला ऊधमसिंह नगर (उत्तराखंड) के थाना सितारगंज के तुर्का तिसार निवासी गुरमीत सिंह ने पुलिस को दी तहरीर में कहा है कि घुंघचाई चौराहे के पास सुपर मार्केट में जुपिटर प्लांट ओवरसीज एजुकेशन कंसल्टेन्टस के नाम से ऑफिस है। जिसमें जुपिटर से विदेश में शिक्षा के लिए वीजा लगवाने का प्रचार-प्रसार किया जाता है।

गुरमीत सिंह ने अपने पुत्र सिमरनजीत सिंह को ऑस्ट्रेलिया भेजने के लिए विज्ञापन में दिए नंबर पर बात की तो घुंघचाई क्षेत्र के गांव डूंडा निवासी कुलवंत सिंह ने उसे ऑफिस में बुलाया। कुलवंत ने उसके पुत्र के सभी कागजात ले लिए और नौ लाख रुपया जमा करने को कहा। तीन महीने बाद वीजा देने की बात कही।

पीड़ित ने 28 मार्च 2019 को 1,50,000 रुपया कुलवंत सिंह के बैंक खाते में ट्रांसफर किए। 29 जनवरी 2020 को 1,70,000 रुपया और ट्रांसफर किए। काफी समय बाद वीजा नहीं मिला तो उसको जानकारी मिली की कुलवंत सिंह ने फर्जी कागजात बनाकर उसके पुत्र पर विदेश जाने के लिए तीन साल का प्रतिबंध लगवा दिया। उसने अपने आप को ठगा महसूस किया तो रुपये वापस मांगने गया तो वह गाली-गलौज करने लगा और जान से मारने की धमकी दी।

पीड़ित ने गुरुवार को कोतवाली में मामले की शिकायत की है। कोतवाल हरीश वर्द्धन सिंह ने बताया कि तहरीर मिली है। जांच की जा रही है। जांच के बाद कार्रवाई की जाएगी।

संबंधित समाचार