बरेली: बीडीए में टेंडर मिलने के नाम पर पहचान वाले ने ठगे 16 लाख

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

बरेली, अमृत विचार। बीडीए में मकान बनाने का टेंडर मिलने के बाद पहचान के कुछ लोगों ने एक व्यक्ति से करीब 16 लाख की ठग लिये। पीड़ित ने कंपनी में हिस्सेदारी के लालच में अपना प्लॉट व पत्नी के जेवर गिरवी रखकर आरोपियों को दो बार में धनराशि दी थी। भुगतान की गारंटी बतौर आरोपियों …

बरेली, अमृत विचार। बीडीए में मकान बनाने का टेंडर मिलने के बाद पहचान के कुछ लोगों ने एक व्यक्ति से करीब 16 लाख की ठग लिये। पीड़ित ने कंपनी में हिस्सेदारी के लालच में अपना प्लॉट व पत्नी के जेवर गिरवी रखकर आरोपियों को दो बार में धनराशि दी थी। भुगतान की गारंटी बतौर आरोपियों ने तीन चेक दिए थे, जो बाउंस हो गए। ठगी का पता चलते ही पीड़ित एक आरोपी के घर पहुंचा तो उसकी पत्नी ने जान से मारने की धमकी दे डाली। व्यक्ति ने मामले की शिकायत एसएसपी से की है।

10 माह पहले पुरानी पहचान के दो लोग उसके पास आए

भोजीपुरा के डहिया गांव के रहने वाले प्रेमपाल ने बताया कि शाही के रहने वाले चार लोगों ने उनके साथ 16 लाख की ठगी कर ली। करीब 10 माह पहले पुरानी पहचान के दो लोग उसके पास आए और कहा कि उनकी एक निजी कंपनी है, जिसे बीडीए में मकान बनाने का 185 करोड़ का टेंडर मिला है। आरोपियों ने उसे 12.5 प्रतिशत की हिस्सेदारी देने का लालच दिया लेकिन पहले 10 लाख रुपये निवेश करने की शर्त रखी।

प्लॉट गिरवी रखने की सलाह दी

प्रेमपाल ने आरोपियों पर भरोसा कर हामी भर दी लेकिन निवेश के लिए इतनी बड़ी रकम न होने की बात भी कही। आरोपियों ने उसे अपना प्लॉट गिरवी रखने की सलाह देकर एक निजी सराफ से बात कराई। इसके बाद प्रेमपाल ने अपना दोहना के मॉर्डन विलेज स्थित प्लॉट गिरवी रखकर 9 लाख 60 हजार रुपये आरोपियों को दे दिए। इसके बाद कंपनी के काम के लिए एक आरोपी ने पीड़ित से 3-3 लाख रुपए अन्य आरोपियों को दिलवाए। इस रकम का इंतजाम प्रेमपाल ने अपनी पत्नी के जेवरात गिरवी रखकर किया।

आरोपियों ने गारंटी बतौर तीन चेक भी दिए

पीड़ित ने बताया कि आरोपियों ने गारंटी बतौर तीन चेक दिए। इसके बाद करीब 9 महीने तक व्यक्ति को कंपनी की ओर से कोई काम नहीं मिला, जिसपर उसने बैंक में भुगतान के लिए चेक लगा दिए। बैंक में पता चला कि तीनों बाउंस हो गए। तब उसे अपने साथ हुई ठगी का पता चला। ठगी की बात सामने आने पर पीड़ित एक आरोपी के घर पहुंचा, जहां उसकी पत्नी ने उसे जान से मारने की धमकी दे डाली। व्यक्ति ने बताया कि उसके प्लॉट के एग्रीमेंट पूरा होने में केवल दो ही महीने बचे हैं। उसने मामले की शिकायत स्थानीय पुलिस से की लेकिन कोई सुनवाई नहीं हुई। इसके बाद मुख्यमंत्री पोर्टल व एसएसपी से शिकायत की है।

एसएसपी रोहित सिंह सजवाण ने बताया कि बीडीए के टेंडर के नाम पर युवक के साथ लाखों की ठगी का मामला सामने आया है, जिसमें जांच के निर्देश दे दिए गए हैं।

संबंधित समाचार