विंध्याचल जाना होगा आसान, त्रिवेणी एक्सप्रेस 26 जुलाई से फिर दौड़ेंगी पटरियों पर
लखनऊ। कोरोना काल से बंद त्रिवेणी एक्सप्रेस स्पेशल ट्रेन को बहाल कर दिया गया है। ये ट्रेन 26 जुलाई से दोबारा शुरू होगी। इससे विध्यांचल दर्शन को जाने वाले यात्रियों को बड़ी राहत मिलेगी। लखनऊ से त्रिवेणी ही एक मात्र ट्रेन थी जिससे श्रद्धालु विंध्याचल दर्शन के लिए पहुंचते हैं। इन ट्रेन को पुन: बहाल …
लखनऊ। कोरोना काल से बंद त्रिवेणी एक्सप्रेस स्पेशल ट्रेन को बहाल कर दिया गया है। ये ट्रेन 26 जुलाई से दोबारा शुरू होगी। इससे विध्यांचल दर्शन को जाने वाले यात्रियों को बड़ी राहत मिलेगी। लखनऊ से त्रिवेणी ही एक मात्र ट्रेन थी जिससे श्रद्धालु विंध्याचल दर्शन के लिए पहुंचते हैं। इन ट्रेन को पुन: बहाल करने के लिए रेलवे बोर्ड को भेजे गए प्रस्ताव को मंजूरी मिल गई।
पूर्वोत्तर रेलवे के सीपीआरओ पंकज कुमार सिंह ने बताया कि ट्रेन नंबर 05074 टनकपुर-सिंगरौली त्रिवेणी एक्सप्रेस 26 जुलाई से हर सोमवार, बुधवार व शुक्रवार को टनकपुर से सुबह 8:25 बजे चलकर लखनऊ से शाम 4:05 बजे पहुंचकर विंध्याचल रात 12:40 बजे व अगले दिन सिंगरौली सुबह 7:55 बजे पहुंचेगी। वापसी में ट्रेन नंबर 05073 सिगरौली से 27 जुलाई से हर मंगलवार, गुरुवार व शनिवार को शाम 4:15 बजे चलकर विंध्याचल रात 10:38 बजे होते हुए अगले दिन सुबह 8:10 बजे लखनऊ होकर टनकपुर दोपहर 3:25 बजे पहुंचेगी।
मुंबई की ट्रेनों के फेरे बढ़े, वेटिंग यात्रियों को मिलेगी राहत
मुंबई जाने वाले यात्रियों की भीड़ को देखते हुए रेलवे प्रशासन गोरखपुर-लोकमान्य तिलक टर्मिनस स्पेशल समेत दो जोड़ी ट्रेनों के फेरों में वृद्धि करने जा रहा है। ये सभी ट्रेनें लखनऊ होकर गुजरेंगी। इनमें ट्रेन नंबर 05401 गोरखपुर-एलटीटी 28 जुलाई और 04 अगस्त को दो अतिरिक्त फेरों के लिए चलाई जाएगी। इसके अलावा ट्रेन नंबर 05402 एलटीटी से गोरखपुर 30 जुलाई व 06 अगस्त को और ट्रेन नंबर 05301 गोरखपुर से बांद्रा टर्मिनस 23 एवं 30 जुलाई को व ट्रेन नंबर 05302 बांद्रा टर्मिनस-गोरखपुर 24 एवं 31 जुलाई को दो अतिरिक्त फेरों के लिए चलेगी।
आज व कल सरयू यमुना सहित कई ट्रेनें प्रभावित रहेंगी
बिहार में मुक्तापुर-समस्तीपुर स्टेशनों के बीच रेलवे पुल पर जलस्तर बढ़ने से ट्रेनों का संचालन 18 व 19 जुलाई को प्रभावित रहेगा। इनमें लखनऊ से रविवार सुबह रवाना होने वाली ट्रेन 04650 अमृतसर-जयनगर सरयू यमुना एक्सप्रेस स्पेशल समस्तीपुर स्टेशन तक ही जाएगी। वहीं जयनगर से 19 जुलाई को चलने वाली 04673 जयनगर-अमृतसर शहीद एक्सप्रेस स्पेशल जयनगर की जगह समस्तीपुर से चलेगी। दरभंगा से रविवार को चलने वाली 02569 दरभंगा-नई दिल्ली स्पेशल परिवर्तित मार्ग दरभंगा-सीतामढ़ी-सिकटा-नरकटियागंज-गोरखपुर के रास्ते चलेगी। जबकि दरभंगा से 19 जुलाई को चलने वाली 09166 दरभंगा-अहमदाबाद साबरमती एक्सप्रेस स्पेशल दरभंगा-सीतामढ़ी-मुजफ्फरपुर होकर लखनऊ की ओर आएगी।
