बरेली: जिला पंचायत अध्यक्ष को 14 हजार, ब्लाक प्रमुख को 9800 मानदेय
बरेली, अमृत विचार। ग्राम प्रधान, ब्लाक प्रमुख से लेकर जिला पंचायत अध्यक्ष तक के चुनाव खत्म हो चुके हैं। इसके साथ ही ग्राम प्रधान, जिला पंचायत सदस्य और जिला पंचायत अध्यक्ष शपथ ले चुके हैं। ब्लाक प्रमुखों का शपथ ग्रहण बाकी है। चुनाव में जीते ग्राम प्रधानों को 3500 रुपये सरकार से हर महीने मानदेय …
बरेली, अमृत विचार। ग्राम प्रधान, ब्लाक प्रमुख से लेकर जिला पंचायत अध्यक्ष तक के चुनाव खत्म हो चुके हैं। इसके साथ ही ग्राम प्रधान, जिला पंचायत सदस्य और जिला पंचायत अध्यक्ष शपथ ले चुके हैं। ब्लाक प्रमुखों का शपथ ग्रहण बाकी है। चुनाव में जीते ग्राम प्रधानों को 3500 रुपये सरकार से हर महीने मानदेय मिलेगा। इसके अलावा 15 हजार रुपये यात्रा भत्ता हर साल मिलेगा। ब्लाक प्रमुख को 9800 रुपये, जबकि जिला पंचायत अध्यक्ष को हर महीने 14 हजार रुपये मानदेय मिलेगा।
जिले की बात करें तो ग्राम प्रधानों के 1193, ग्राम पंचायत सदस्यों के करीब 15 हजार, क्षेत्र पंचायत सदस्यों के 1467, जिला पंचायत सदस्यों के 60 और जिला पंचायत अध्यक्ष का एक पद है। पंचायतों में ग्राम प्रधान, ग्राम पंचायत सदस्य, क्षेत्र पंचायत सदस्य, ब्लाक प्रमुख, जिला पंचायत सदस्य और जिला पंचायत अध्यक्ष के चुनाव होते हैं। चुनाव प्रक्रिया पर गौर करें तो ब्लाक प्रमुख और जिला पंचायत अध्यक्षों का चुनाव क्षेत्र पंचायत सदस्य और जिला पंचायत सदस्य कराते हैं।
डीपीआरओ धर्मेंद्र कुमार ने बताया कि ग्राम पंचायत सदस्य, क्षेत्र पंचायत सदस्य और जिला पंचायत सदस्य का पद अवैतनिक होता है, यानी इनको हर महीने कोई निश्चित मानदेय नहीं मिलता है। क्षेत्र पंचायत सदस्यों को बैठक में शामिल होने पर प्रति बैठक 500 रुपये भत्ता मिलता है। इसी तरह जिला पंचायत सदस्य को प्रति बैठक एक हजार रुपये भत्ता मिलता है। जबकि ग्राम पंचायत सदस्यों को कुछ नहीं मिलता है। अधिकतर ग्राम प्रधान इनके हस्ताक्षर तक नहीं कराते हैं। शासन से ग्राम प्रधान को 3500, ब्लाक प्रमुख को 9800 और जिला पंचायत अध्यक्ष को 14 हजार मानदेय देने का नियम है।
