मुरादाबाद : होमगार्ड की वर्दी पहनकर करता था लूट की वारदात, स्क्रैप व्यापारी से लूट का खुलासा,गिरफ्तार

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

मुरादाबाद,अमृत विचार। स्क्रैप कारोबारी से हुई 4.65 लाख रुपये की लूट का खुलासा करते हुए पाकबड़ा पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी होमगार्ड की ड्रेस पहनकर जहरखुरानी की वारदातों को अंजाम देता था। उसके खिलाफ संभल जनपद के हयातनगर थाने में हिस्ट्रीशीट खुली हुई है। उसके पास से 50 हजार की नकदी …

मुरादाबाद,अमृत विचार। स्क्रैप कारोबारी से हुई 4.65 लाख रुपये की लूट का खुलासा करते हुए पाकबड़ा पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी होमगार्ड की ड्रेस पहनकर जहरखुरानी की वारदातों को अंजाम देता था। उसके खिलाफ संभल जनपद के हयातनगर थाने में हिस्ट्रीशीट खुली हुई है। उसके पास से 50 हजार की नकदी भी बरामद की गई है। शनिवार को उसे जेल भेज दिया गया।

मझोला थाना क्षेत्र के करूला जयंतीपुर गूलर वाली मस्जिद के पास रहने वाले मोहम्मद मरगूब स्क्रैप की खरीद-फरोख्त का धंधा करते हैं। वह 12 जुलाई की रात स्क्रैप बिक्री के 4.65 लाख रुपये लेकर रामपुड डिपो की बस द्वारा मोहन नगर से मुरादाबाद आ रहे थे। बस में एक युवक पुलिस की वर्दी पहने हुए था। उसके कंधों पर होमगार्ड के बिल्ले लगे थे। वर्दी पर मोहन शर्मा की नेमप्लेट भी लगी थी।

बस गजरौला में मेला होटल में रुकी तो मोहन शर्मा व उसके साथी ने मरगूब को नशीला बिस्किट खिला कर बेहोश कर दिया। इसके बाद दोनों ने मरगूब के पास मौजूद 4.65 लाख रुपये लूट लिए। मोहन शर्मा का साथी नोटों से भरा बैग लेकर फरार हो गया था, जबकि खाकी वर्दीधारी को भीड़ ने पकड़ कर पाकबड़ा पुलिस को सौंप दिया था। मरगूब ने 13 जुलाई को इस संबंध में पाकबड़ा थाने में रिपोर्ट दर्ज करा दी थी।

थाना प्रभारी योगेंद्र कृष्ण यादव ने बताया कि पकड़े गए मोहन शर्मा की निशानदेही पर लूटी गई रकम में से 50 हजार रुपये बरामद कर लिए गए हैं। पूछताछ में उसने बताया कि उसका असली नाम हुकुम सिंह है। वह संभल जनपद के हयातनगर थाना क्षेत्र के गांव नूरपुर सलेमपुर का निवासी है। पुलिस के अनुसार हुकुम सिंह उर्फ मोहन शर्मा अनपढ़ है। वह लोगों को नशीला पदार्थ खिलाकर लूटने का काम करता है।

कोई शक न करे इसलिए पहनता है खाकी वर्दी
हुकुम सिंह उर्फ मोहन शर्मा ने बताया कि शरीर पर खाकी वर्दी देख कोई टोकता नहीं है। अपना असली नाम छिपाने के लिए उसने मोहन शर्मा की नेमप्लेट भी बनवा ली थी। वर्दी के कारण लोग उस पर आसानी से विश्वास कर लेते हैं। सुरक्षा के लिहाज से लोग खाकी वर्दी वाले के पास बैठना बेहतर समझते हैं।

जरूरत पड़ने पर यात्री और बस वालों पर वर्दी का रौब भी झाड़ देता था। वह दिल्ली, बिजनौर, मुरादाबाद व मेरठ जाने वाली बसों में सफर करके शिकार की तलाश करता था। मौका मिलते ही नशीला पदार्थ खिलाकर उनकी नकदी, मोबाइल, जेवर व अन्य कीमती सामान लेकर फुर्र हो जाता था।

आरोपी के खिलाफ दर्ज हैं आठ मुकदमे
पुलिस के हत्थे चढ़े लूट के आरोपी के खिलाफ मुरादाबाद व संभल के अलग-अलग थानों में आठ मामले दर्ज हैं। मुरादाबाद जिले के पाकबड़ा में उसके खिलाफ एक मुकदमा दर्ज है। जीआरपी थाने में चार और संभल जनपद के हयातनगर थाने में तीन मुकदमे दर्ज हैं। हयातनगर पुलिस ने ही आरोपी के खिलाफ गैंगस्टर एक्ट की कार्रवाई भी की थी।

गिरफ्तार करने वाली टीम में ये रहे शामिल
पाकबड़ा थाने के वरिष्ठ उपनिरीक्षक उमाशंकर सिंह, एसआई राजेश कुमार व प्रवीण कुमार, कांस्टेबल नितिन कुमार, सचिन कुमार व गौरव कुमार

संबंधित समाचार