मुरादाबाद : गो तस्कर की 31.71 लाख रुपये की संपत्ति जब्त, कार्रवाई
मुरादाबाद,अमृत विचार। पेशेवर गौकशों, गो तस्करों व माफियाओं के खिलाफ पूरे प्रदेश में अभियान चलाया जा रहा है। ऐसे गंभीर अपराधों में लिप्त अपराधियों के खिलाफ गैंगस्टर और कुर्की की कार्रवाई की जा रही है। इसी कड़ी में शनिवार को गोवध व गो तस्करी में लिप्त गैंगस्टर के खिलाफ डिलारी पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की। …
मुरादाबाद,अमृत विचार। पेशेवर गौकशों, गो तस्करों व माफियाओं के खिलाफ पूरे प्रदेश में अभियान चलाया जा रहा है। ऐसे गंभीर अपराधों में लिप्त अपराधियों के खिलाफ गैंगस्टर और कुर्की की कार्रवाई की जा रही है। इसी कड़ी में शनिवार को गोवध व गो तस्करी में लिप्त गैंगस्टर के खिलाफ डिलारी पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की। आपराधिक कारनामों से अर्जित की गई उसकी संपत्ति को पुलिस ने कुर्क कर लिया। इसके बाद इस संपत्ति पर पुलिस ने नोटिस चस्पा कर दिया। इस दौरान एसपी देहात, एसडीएम व सीओ मौजूद रहे।
डिलारी थानाक्षेत्र के गांव ढकिया पीरु निवासी नाजिम पुत्र हाजी मुस्ताक वर्ष 2008 से लगातार गौकशी व गोतस्करी करता आ रहा था। इसे लेकर कई बार वह जेल भी गया। हर बार जमानत पर छूटने के बाद वह फिर से पुराने धंधे को ही करने लगता था। उस पर अंकुश लगाने के लिए डिलारी पुलिस ने वर्ष 2014 में पहली बार उसके खिलाफ गैंगस्टर एक्ट की कार्रवाई भी की मगर वह अपने कारनामों से बाज नहीं आया।
छह महीने पूर्व नाजिम के खिलाफ गैंगस्टर का दूसरा मुकदमा दर्ज किया गया। इसमें वह जेल भी गया। एक महीने पूर्व जमानत पर छूटने के बाद फरार हो गया। उसकी हरकतों से पुलिस काफी परेशान थी। दो बार हिस्ट्रीशीट खुलने के बाद भी वह अपनी हरकतों ने बाज नहीं आ आ रहा था। गौकशी व गोतस्करी के धंधे से उसने काफी संपत्ति भी अर्जित कर ली थी।
शातिर नाजिम की नकेल कसने के लिए पुलिस ने उसकी संपत्ति कुर्क करने की अनुमति जिलाधिकारी से मांगी थी। डीएम शैलेंद्र कुमार सिंह ने धारा 14(1) गैंगस्टर एक्ट के तहत नौ जुलाई को आरोपी की कुर्की का आदेश दे दिया। डिलारी पुलिस ने शनिवार को उसकी करीब 31.71 लाख रुपये की चल व अचल संपत्ति को कब्जे में ले लिया। कुर्की की कार्रवाई के दौरान एसपी देहात विद्यासागर मिश्र, एसडीएम ठाकुरद्वारा, सीओ डॉ. अनूप कुमार, तहसीलदार धर्मेंद्र कुमार सिंह व थानाध्यक्ष डिलारी सतराज सिंह मौजूद रहे।
यह संपत्ति की गई कुर्क
पुलिस ने कुर्की की कार्रवाई करते हुए आरोपी के पिता के हाजी मुस्ताक की 56 हजार 560 रुपये कीमत की हीरो स्पलेंडर, नाजिम की एक लाख 39 हजार 949 रुपये की टीवीएस अपाचे को कब्जे में ले लिया। इसके अलावा करीब 285.60 वर्ग मीटर खेती/आबादी की जमीन को भी जब्त कर लिया। कुर्क की गई कुल संपत्ति की अनुमानित कीमत 31.71 लाख रुपये आंकी गई है।
