मुरादाबाद: शांतिपूर्ण ढंग से मनाया गया ईद-उल-अजहा का त्योहार, घरों में अदा की नमाज
मुरादाबाद, अमृत विचार। बकरीद के मौके पर इस बार शहर का नजारा एकदम अलग दिखाई दिया। कोरोना के चलते ईदगाह में नमाज अदा नहीं की गई। शहर की विभिन्न मस्जिदों में सीमित संख्या में ही नमाजियों ने कोरोना के खात्मे के लिए दुआ की। इसके साथ ही लोगों ने सरकार और उलेमाओं की अपील के …
मुरादाबाद, अमृत विचार। बकरीद के मौके पर इस बार शहर का नजारा एकदम अलग दिखाई दिया। कोरोना के चलते ईदगाह में नमाज अदा नहीं की गई। शहर की विभिन्न मस्जिदों में सीमित संख्या में ही नमाजियों ने कोरोना के खात्मे के लिए दुआ की। इसके साथ ही लोगों ने सरकार और उलेमाओं की अपील के बाद घर पर ही फज्र की नमाज अदा की। दिन भर फोन एवं सोशल मीडिया के जरिए एक-दूसरे को बधाई देने का सिलसिला चलता रहा। घरों पर ही कुर्बानी का सिलसिला भी शुरू किया गया।
कोरोना काल में त्योहारों की रौनक फीकी हो गई है। बुधवार को ईद-उल-अजहा का पर्व था। कई दिनों से लोग इसकी तैयारियों में जुटे हुए थे। लेकिन, कोरोना गाइडलाइन के तहत एक स्थान पर अधिक लोगों के इकट्ठा होने पर पाबंदी लगाई गई थी। ऐसे में अच्छी लोगों ने भी संयम और अनुशासन का परिचय दिया। हर साल ईद के मौके पर ईदगाह और मस्जिदों पर हजारों की संख्या में लोग जुटते थे। लेकिन, इस बार वहां सन्नाटा रहा।
इस दौरान ईदगाह के बाहर पुलिस तैनात रही। वहीं शहर की शाही मस्जिद मंडी चौक, तख्त वाली मस्जिद, मौलाना वाली मस्जिद, ताज वाली मस्जिद, मस्जिद शाह वली उल्लाह व जिया खां वाली मस्जिद में सीमित संख्या में ही नमाजियों ने पहुंचकर नमाज अदा की। सरकार की अपील के बाद उलेमा ने भी लोगों से घर पर रहकर ही ईद मनाने की अपील की थी। लोगों पर इसका काफी असर देखने को मिला। नायब शहर इमाम मुफ्ती फहद अली ने सभी से सरकार द्वारा जारी गाइड लाइन का पालन करने की अपील की। इस अवसर पर जामा मस्जिद के पास मेला लगाया गया था, जहां बच्चों ने झूलों का लुत्फ उठाने के साथ ही चाट-पकौड़ी के चटखारे लिए। इसके साथ ही बच्चों ने यहां खिलौनों की खरीददारी भी की।
शांति व्यवस्था को लेकर सतर्क रही पुलिस, एसएसपी और डीएम ने किया शहर का भ्रमण
मुरादाबाद। बुधवार को ईद-उल-अजहा के अवसर पर ईदगाह पर सीओ कटघर गलशहीद पुलिस केसाथ तैनात रहे। एसएसपी और डीएम ने भी शहर का भ्रमण कर त्योहार की तैयारियों और सुरक्षा का जायजा लिया। इसके साथ ही शहर के सभी चौराहों व बाजारों में भी पुलिस का कड़ा पहरा रहा। मुस्लिम बाहुल्य इलाकों में पुलिसकर्मी गश्त करते रहे। कोविड-19 के चलते ईद पर घरों या पास की मस्जिद में ही नमाज अदा करने की इजाजत दी गई थी। नायब शहर इमाम मुफ्ती फहद अली ने ईदगाह में नमाज न पढ़ने का ऐलान कर दिया था। इसके बावजूद सुबह से ही सीओ कटघर मनीष कुमार गलशहीद पुलिस के साथ ईदगाह पर पहुंच गए। महानगर के मुख्य चौराहों पर पर्याप्त संख्या में पीएसी और पुलिस फोर्स तैनात रही।

इस दौरान एसएसपी पवन कुमार और जिलाधिकारी शैलेंद्र कुमार सिंह ने भी नगर में भ्रमण कर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया। उन्होंने अधीनस्थों को आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए। इस दौरान गलशहीद, तहसील स्कूल, भूड़े का चौराहा, लंगड़े की पुलिया, जामा मस्जिद, करूला, डबल फाटक व हरथला आदि इलाकों में भी पुलिस पूरी तरह मुस्तैद रही। त्योहार को शांतिपूर्ण ढंग से मनाने के लिए पूरे शहर को दस सेक्टरों में बांटा गया था। प्रत्येक सेक्टर की जिम्मेदारी सेक्टर मजिस्ट्रेट और सेक्टर पुलिस अधिकारी को सौंपी गई थी। इस दौरान पुलिस ने ड्रोन कैमरे से भी निगरानी की।
