लखीमपुर खीरी: जंगली हाथियों ने गन्ना रौंदा, खेतों में मचान गिराए

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

संसारपुर(लखीमपुर खीरी), अमृत विचार। ब्लॉक बांकेगंज की ग्राम पंचायत महूरेना से सटे गांव भीखमपुर में गुरुवार रात जंगली हाथियों ने गन्ना व धान की फसल को तहस-नहस कर दिया। खेतों में फसल की सुरक्षा के लिए बनाए गए मचानों को गिरा दिया। हाथियों के उत्पात से किसानों में दहशत है। दुधवा बफर जोन के मैलानी …

संसारपुर(लखीमपुर खीरी), अमृत विचार। ब्लॉक बांकेगंज की ग्राम पंचायत महूरेना से सटे गांव भीखमपुर में गुरुवार रात जंगली हाथियों ने गन्ना व धान की फसल को तहस-नहस कर दिया। खेतों में फसल की सुरक्षा के लिए बनाए गए मचानों को गिरा दिया। हाथियों के उत्पात से किसानों में दहशत है।

दुधवा बफर जोन के मैलानी वन रेंज की महुरेना बीट से सटे गांवों में बुधवार की रात हाथियों के झुंड ने जमकर उत्पात मचाया। ग्राम पंचायत महुरेना, ग्राम पंचायत सिसनौर और ग्राम पंचायत जोखेपुर के कई गांवों में हाथियों के झुंडों ने करीब बारह एकड़ में लगे गन्ना और धान को तहस-नहस कर दिया। फसलों को बचाने हेतु किसानों ने खेतों में रखबाली करने के लिए झोपड़ियां व मचान बनाए उनको भी हाथियों ने उलट-पुलट दिया। अभी एक दिन पूर्व ही पहाड़ नगर और सुनहरा भीड़ में भी हाथियों ने जमकर उत्पात मचाया था।

खेत में हाथियों के पांव के निशान।

बुधवार की रात जंगल से निकले हाथियों के झुंड ने ग्राम पंचायत महुरेना के अंतर्गत आने वाले गांव पोलगंज में अमखेरवा के रामसनेही का तीन बीघा धान, तिलकराम का पांच बीघा धान, प्रभात का पांच बीघा धान तथा ग्राम पंचायत सिसनौर के कुकुहापुर निवासी किसान रामनरेश का एक एकड़ गन्ना, राम भजन का आधा एकड़ धान, खूब लाल का पांच बीघा गन्ना, जगदीश का पांच बीघा धान, विजय चौहान का एक एकड़ गन्ना, मदनलाल का दो बीघा गन्ना, श्रीराम का तीन बीघा गन्ना, बालक राम वर्मा का चार बीघा गन्ना रौंद दिया।

ग्राम प्रधान सिसनौर मुनीश वर्मा ने बताया कि महुरेना के मजरा भीखमपुर में हाथियों ने धान व गन्ने की फसल को रौंद दिया। वन दरोगा राजेन्द्र वर्मा ने बताया कि रात में हाथियों का एक झुंड नंदापुर गांव के करीब खेतों में दिखाई दिया था। मौके पर पहुंचकर हाथियों को वहां से भगा दिया गया और पूरा झुंड जंगल की तरफ चला गया। फिर रात में किसी समय हाथी खेतों की तरफ आ गए यह जानकारी ग्राम प्रधान और गांव वालों ने दी है।

संबंधित समाचार