यूपी: सरकार और नागरिकों के बीच संवाद स्थापित करना होगा आसान, जानें कैसे?
लखनऊ। भारत सरकार के myGov.in पोर्टल के सात वर्ष पूरे होने के अवसर पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सोमवार को up.mygov.in पोर्टल का शुभारंभ किया। कार्यक्रम के दौरान myGov.in पोर्टल के सात वर्ष पूर्ण होने पर केंद्रित एक लघु फिल्म भी प्रदर्शित की गई। इससे सरकार और नागरिकों के बीच संवाद आसान होगा और सुझाव …
लखनऊ। भारत सरकार के myGov.in पोर्टल के सात वर्ष पूरे होने के अवसर पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सोमवार को up.mygov.in पोर्टल का शुभारंभ किया। कार्यक्रम के दौरान myGov.in पोर्टल के सात वर्ष पूर्ण होने पर केंद्रित एक लघु फिल्म भी प्रदर्शित की गई। इससे सरकार और नागरिकों के बीच संवाद आसान होगा और सुझाव भी दे सकेंगे। कार्यक्रम को वर्चुअल माध्यम से केंद्रीय इलेक्ट्रॉनिक्स एवं सूचना प्रौद्योगिकी मंत्री अश्वनी वैष्णव संबोधित किया।
कार्यक्रम को सम्बोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन एवं प्रेरणा से प्रदेश हर क्षेत्र में तेजी से विकास कर रहा है। यह पोर्टल पं. दीन दयाल उपाध्याय की अंत्योदय की भावना के अनुसार अंतिम पायदान के व्यक्ति तक शासन की विभिन्न योजनाओं का लाभ पहुंचाने में सहायक होगा। साथ ही, इससे राज्य सरकार को जनता के सुझावों को जानने, विभिन्न मामलों में सहयोग प्राप्त करने और इनोवेशन को आगे बढ़ाने में भी मदद मिलेगी।
उन्होंने शासन की योजनाओं से जनता को जोड़ने में पोर्टल का बेहतरीन उपयोग करने के लिए myGov.in पोर्टल की टीम को बधाई दी। मुख्यमंत्री ने कहा कि तकनीक न केवल आमजन के जीवन में व्यापक सुधार का माध्यम बन सकती है, बल्कि लोकतंत्र की भावना को भी चरितार्थ कर सकती है। भ्रष्टाचार को समाप्त करने में भी यह महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकती है।
मुख्यमंत्री ने प्रदेश के सूचना एवं जनसम्पर्क विभाग को up.mygov.in पोर्टल बनाने व लांच करने के लिए धन्यवाद देते हुए विश्वास व्यक्त किया कि यह पोर्टल निरंतर भारत सरकार के मार्गदर्शन में आमजन की भावनाओं के अनुरूप प्रधानमंत्री के मंत्र ‘सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास’ का प्रतीक बनेगा। उन्होंने विश्वास जताया कि myGov.in का यूपी चैप्टर भी myGov.in की तर्ज पर अपनी बेहतर सेवाओं के लिए जाना जाएगा।
कार्यक्रम को वर्चुअल माध्यम से सम्बोधित करते हुए केन्द्रीय इलेक्ट्रॉनिक्स एवं सूचना प्रौद्योगिकी मंत्री अश्वनी वैष्णव ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में myGov.in के उत्तर प्रदेश चैप्टर की शुरुआत के लिए शुभकामनाएं दी। उन्होंने कहा कि इससे प्रदेश की जनता को विभिन्न सरकारी सेवाएं सरलता से उपलब्ध होंगी तथा समाज एवं सरकार के मध्य सामंजस्य बढ़ेगा। साधारण से साधारण व्यक्ति को सरकार से सीधा जुड़ने का अवसर मिलेगा।
