सीतापुर: मठभेड़ के बाद घायल डकैती का आरोपी गिरफ्तार, बाल बाल बचे इंस्पेक्टर
सीतापुर। सीतापुर के तालगांव कोतवाली क्षेत्र में डकैती के दौरान हुई महिला की गोली मारकर हत्या के मामले में पुलिस को आज बड़ी सफलता मिली है अभियुक्तों की तलाश में जुटी पुलिस ने मुठभेड़ के दौरान खीरी जिले के एक 25000 के इनामी बदमाश को जवाबी फायरिंग के बाद जख्मी हालत में गिरफ्तार कर लिया …
सीतापुर। सीतापुर के तालगांव कोतवाली क्षेत्र में डकैती के दौरान हुई महिला की गोली मारकर हत्या के मामले में पुलिस को आज बड़ी सफलता मिली है अभियुक्तों की तलाश में जुटी पुलिस ने मुठभेड़ के दौरान खीरी जिले के एक 25000 के इनामी बदमाश को जवाबी फायरिंग के बाद जख्मी हालत में गिरफ्तार कर लिया है। पकड़ा गया शातिर डकैती व महिला की हत्या के मामले में शामिल था उसने पकड़े जाने से पहले पुलिस टीम पर फायरिंग की थी उसकी फायरिंग में लहरपुर इंस्पेक्टर बाल-बाल बच गए थे, लेकिन पुलिस की जवाबी फायरिंग में बदमाश को पैर में गोली लगी और जख्मी होने के बाद वह पकड़ा गया।हालांकि उसका एक साथी भागने में सफल रहा पुलिस ने पकड़े गए बदमाश के कब्जे से लूटे गए जेवरात दी असलहा व एक बाइक बरामद की है।
ज्ञात हो कि तालगांव कोतवाली क्षेत्र के अगरपुर मजरा बभनापुर गांव के रामहेत के घर में शनिवार की रात डकैतों ने धावा बोल दिया था। डकैत इनके घर से नकदी, जेवर आदि माल बटोर रहे थे। इस बीच किसी तरह रामहेत की पुत्री ममता को आहट हुई। उसने शोर मचाया तो परिवार के लोग मौके पर पहुंचे और बदमाशों को पकड़ने लगे। पकड़े जाने के डर से एक बदमाश ने गोली मार दी थी। इस गोलीकांड में गृह स्वामी की 38 वर्षीय पत्नी विनीता की मौत हो गई थी, जबकि गृहस्वामी और उसका भाई घायल हुआ था।
इस मामले में पुलिस ने ग्रामीणों की मदद से लहरपुर कोतवाली क्षेत्र के रमुआपुर मजरा कुलताजपुर गांव निवासी देशराज को घटना की भोर दबोच लिया था, जबकि पूछताछ के कुछ घंटे बाद पुलिस ने इसी गांव के निवासी पंकज लोध को भी गिरफ्तार कर लिया था। डकैती कांड में पकड़े गए देशराज व पंकज से पूछताछ के बाद लखीमपुर खीरी जिले के थाना ईसानगर क्षेत्र के महत्त्वपुरवा महरिया गांव निवासी शातिर बदमाश विनोद कुमार का नाम भी सामने आया था। जिसके बाद पुलिस विनोद की सरगर्मी से तलाश कर रही थी।
एसपी आरपी सिंह ने विनोद की गिरफ्तारी को लेकर 25 हजार का इनाम भी घोषित किया था। इसकी गिरफ्तारी के लिए सोमवार की रात लहरपुर व तालगांव की पुलिस टीमें संयुक्त रूप से संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही थी। इसी बीच पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि विनोद अपने साथी के साथ लहरपुर क्षेत्र के नबीनगर के इलाके से गुजरने वाला है। पुलिस ने क्षेत्र की नाकेबंदी कर दी। तभी एक बाइक पर सवार दो संदिग्ध लोग पुलिस को जाते हुए दिखाई दिए। पुलिस ने उनको रोकने का प्रयास किया तो बाइक पर सवार बदमाशों ने पुलिस पर फायरिंग शुरू कर दी।
फायरिंग होने पर पुलिस ने भी जवाबी फायरिंग शुरू कर दी। दोनों तरफ से कई राउंड गोलियां चली। इस दौरान बदमाशों की एक गोली लहरपुर के इंस्पेक्टर मनीष कुमार सिंह के लगी, लेकिन बुलेट प्रूफ जैकेट पहने होने की वजह से गोली जैकेट में लगी और वह बाल-बाल बच गए। जबकि पुलिस की ओर से की गई फायरिंग में इनामी बदमाश विनोद घायल हुआ। लेकिन उसका साथी पुलिस को चकमा देकर भागने में सफल रहा।
गोली लगने से घायल विनोद को पुलिस ने अस्पताल में भर्ती कराया। उसके पास और उसकी निशानदेही पर पुलिस ने लूटे गए जेवर व 23 हजार की नकदी, मेंथा आयल बरामद किया है। साथ ही उसकी बाइक, एक देसी तमंचा, तीन कारतूस और खोखा भी बरामद हुआ है। एसपी आरपी सिंह का कहना है कि विनोद का इलाज कराया जा रहा है। उसके भागे हुए साथी की तलाश की जा रही है। जल्द ही उसको भी गिरफ्तार किया जाएगा।
बदमाशों से मुठभेड़ में शामिल थी यह पुलिस टीम
डकैती के दौरान महिला की हुई हत्या की सनसनीखेज वारदात को अंजाम देने वाले विनोद से मुठभेड़ कर उसे गिरफ्तार करने वाली पुलिस टीम में तालगांव के अलावा लहरपुर की पुलिस टीम भी शामिल थी। लहरपुर के इंस्पेक्टर मनीष कुमार सिंह, दरोगा पवन मिश्रा, हेड कांस्टेबल धर्मेंद्र कुमार यादव, अबू हादी खान, नीरज सिंह, आरक्षी मोहम्मद कासिम, जयप्रकाश, दशरथ, दिनेश शामिल थे। इसके अलावा तालगांव पुलिस टीम में इंस्पेक्टर अनिल कुमार सिंह, सब इंस्पेक्टर कृष्ण चंद्र तिवारी, हेड कांस्टेबल महेंद्र प्रताप सिंह व रामप्रताप शामिल थे।
